_202628_02230.webp)
नईदुनिया प्रतिनिधि, मैहर: जिले के रामनगर विकासखंड में सामने आए 4 करोड़ 37 लाख रुपये के लघु निर्माण घोटाले ने शिक्षा विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। जांच में बिना निर्माण कार्य कराए ही करोड़ों रुपये के भुगतान की पुष्टि होने के बाद प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है।
इसी कड़ी में रीवा संभाग के कमिश्नर बीएस जामोद ने एक साथ 7 प्राचार्यों को निलंबित कर दिया। इसके साथ ही अब तक इस घोटाले में कुल 14 अधिकारी-कर्मचारियों पर कार्रवाई हो चुकी है, जबकि तीनों निर्माण फर्मों पर एफआईआर दर्ज होने की प्रक्रिया अंतिम चरण में बताई जा रही है।
शनिवार को जारी आदेश में जिन प्राचार्यों को निलंबित किया गया है, उन्होंने नियमों को ताक पर रखकर बिना कार्य पूर्ण कराए लाखों रुपये का भुगतान कर दिया। निलंबित प्राचार्यों में 7 नाम शामिल हैं। लगातार हो रही कार्रवाई से रामनगर विकासखंड के कई स्कूलों में प्रशासनिक व्यवस्था चरमरा गई है।
मैहर कलेक्टर ने 2 फरवरी को लोक शिक्षण संचालनालय भोपाल को विस्तृत जांच प्रतिवेदन भेजते हुए कार्रवाई का प्रस्ताव रखा था। उल्लेखनीय है कि 1 सितंबर 2025 को विभिन्न विद्यालयों में लघु निर्माण, पार्किंग शेड और अन्य संरचनात्मक कार्यों के लिए राशि स्वीकृत की गई थी। यह राशि विद्यालयों की एमएमडीसी को इस शर्त पर दी गई थी कि सभी शासकीय नियमों का पालन होगा लेकिन जमीनी हकीकत में काम शून्य, भुगतान पूरा रहा।
घोटाले पर कार्रवाई की शुरुआत शासकीय हाई स्कूल सुलखमा से हुई, जहां प्रभारी प्राचार्य रामलाल साकेत को निलंबित किया गया। इसके बाद सांदीपनि विद्यालय रामनगर के चपरासी विनोद पटेल, बीईओ और प्राचार्य मिरगौती संतोष कुमार सिंह, मनकहरी, छिरहाई और मझटोलवा के प्राचार्य, बड़वार, सागौनी और मड़वार के प्राचार्य पर एक के बाद एक गाज गिरती चली गई।
जांच में सामने आया कि अधिकतर भुगतान वाणी इंफ्रास्ट्रक्चर, भोपाल, श्री महाकाल ट्रेडर्स, सतना और श्री रुद्र इंटरप्राइजेज, मैहर को किए गए। कई विद्यालयों से 23 से 24 लाख रुपये तक की राशि एक ही पैटर्न में जारी की गई, जिससे पूर्व नियोजित घोटाले की आशंका और गहरी हो गई है।
यह भी पढ़ें- गुना के चांचौड़ा उपजेल में बंदियों की पिटाई का वीडियो वायरल, SDM ने दिए जांच के निर्देश
घोटाले में लिप्त प्राचार्यों को केंद्राध्यक्ष और सहायक केंद्राध्यक्ष के दायित्व से भी हटा दिया गया है। वहीं, देवरा मोलहाई की प्रभारी प्राचार्य रजनी पुरवार को जांच के दौरान बिना सूचना अनुपस्थित पाए जाने पर जिला पंचायत सीईओ ने निलंबित कर दिया।