
नईदुनिया प्रतिनिधि, मैहर। मध्य प्रदेश के विदिशा के बाद अब मैहर जिले से भी चिंताजनक तस्वीर सामने आई है। सोशल मीडिया पर बहुप्रसारित हो रहे एक वीडियो में छोटे-छोटे स्कूली बच्चे अपनी जान जोखिम में डालकर सड़क पार करते दिखाई दे रहे हैं।
ग्राम पंचायत सोनवारी के मोदीनगर व आदिवासी बस्ती के ग्रामीण बुनियादी सुविधाओं के लिए तरस रहे हैं। बारिश के दिनों में उफनते नाले को पार करना यहां के निवासियों की मजबूरी बन चुका है।
सोनवारी की सरपंच कृष्णाबाई उमाकांत उपाध्याय ने 2024 और 2025 में जिला प्रशासन को मांग पत्र सौंपा, लेकिन प्रशासन की नींद नहीं खुली। ग्रामीण राघवेंद्र ने बताया कि चार वर्षों से ग्राम पंचायत, जिला प्रशासन और सीमेंट कंपनी के सीएसआर विभाग को कई बार ज्ञापन दिए जा चुके हैं।
सीएसआर मद से रपटा और सड़क निर्माण की मांग पूरी नहीं हो पाई है। इस संबंध में जब मैहर कलेक्टर बिदिशा मुखर्जी से संपर्क किया गया, तो व्यस्तता के कारण बात नहीं हो पाई।
इससे पहले मैहर की ग्राम भदनपुर का एक वीडियो भी सामने आया था, जिसमें स्कूल से घर लौटते समय पांच वर्षीय मासूम तेज बहाव में सड़क पार करते हुए डूब गया था। उस समय ग्रामीणों ने बच्चे को डूबने से बचा लिया था।
यह भी पढ़ें- जबलपुर में संस्कार कांवड़ यात्रा के चलते 10 अगस्त को स्कूलों में अवकाश