
नईदुनिया प्रतिनिधि, सतना। शहर के प्रेमनगर स्थित मध्यप्रदेश विद्युत वितरण कंपनी (एमपीपीईबी) कार्यालय परिसर में मंगलवार शाम करीब 7 बजे अचानक आग लग गई। आग स्टोर के पास स्थित केबल यार्ड में लगी थी। परिसर की बाउंड्री के किनारे रखे कचरे से शुरू हुई आग ने देखते ही देखते आसपास के क्षेत्र को अपनी चपेट में ले लिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और नगर निगम का अग्निशमन अमला मौके पर पहुंच गया। मौके पर सीएसपी मनीष त्रिपाठी भी पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
नगर निगम आयुक्त डॉ. नागार्जुन बी. गौड़ा के निर्देश पर फायर अधिकारी आरपी परमार के नेतृत्व में दमकल कर्मियों ने मोर्चा संभाला। आग बुझाने के लिए पांच दमकल वाहनों को लगाया गया। करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। नगर निगम की तत्परता से आग को समय रहते फैलने से रोक लिया गया। घटना में किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है। हालांकि, आग लगने के कारणों और संभावित नुकसान की जानकारी सामने आना बाकी है।
खेरमाई रोड स्थित जया रैगजीन में 6 नवंबर को हुए भीषण अग्निकांड के बाद नगर निगम की जांच में भवन निर्माण और अग्नि सुरक्षा व्यवस्था से जुड़ी कई अनियमितताएं सामने आई हैं। जांच समिति के अनुसार, भवन का निर्माण बिना भवन अनुज्ञा के किया गया था। इसके अलावा परिसर में अग्नि सुरक्षा के निर्धारित मानकों का पालन भी नहीं किया जा रहा था। जांच में वित्तीय वर्ष 2017-18 से संपत्ति कर बकाया होने की बात भी सामने आई है।
यह भी पढ़ें- बिलासपुर के तिफरा में सुभाष आरा मिल में लगी भीषण आग, लाखों की लकड़ियां जलकर खाक
अग्निकांड के बाद नगर निगम आयुक्त ने मामले की जांच के लिए तीन सदस्यीय समिति गठित की थी। इसमें फायर अधिकारी आरपी परमार, भवन निरीक्षक सुलभ पाठक और राजस्व अधिकारी यूसुफ खान को शामिल किया गया था। समिति ने घटनास्थल का निरीक्षण कर भवन निर्माण की वैधता, अग्नि सुरक्षा इंतजामों और संपत्ति कर की स्थिति की पड़ताल की।
जांच में मिली अनियमितताओं के आधार पर नगर निगम अब संबंधितों के विरुद्ध नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई करेगा। इस घटना ने शहर में व्यावसायिक भवनों की अग्नि सुरक्षा व्यवस्था और भवन निर्माण की अनुमति की जांच को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।