
नईदुनिया प्रतिनिधि, सतना। धान की फसल को बचाने के लिए खेत में लगाया गया करंट दो जंगली सुअरों की मौत का कारण बन गया।
टीम ने मौके से मृत वन्यजीवों के शव और करंट लगाने में इस्तेमाल किए गए तार को जब्त कर लिया है। अब मामले में संबंधित लोगों के बयान लेकर आगे की वैधानिक कार्रवाई की तैयारी की जा रही है। जिसके अनुरुप वन अपराध कायम किया जाएगा।
वन विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक, पिण्डरा निवासी राधे गौतम पिता शिवकुमार गौतम के खेत को राहुल चौबे ने अधिया-ठास पर खेती के लिए ले रखा था। बताया गया है कि खेत में धान की फसल को बचाने के उद्देश्य से करंट लगाया गया था।
करंट की चपेट में आने से दो जंगली सुअरों की मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलने के बाद वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई की।
फिलहाल संबंधित पक्षों के बयान दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है। विभाग के अनुसार, जांच में सामने आने वाले तथ्यों और बयानों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
फसलों को जंगली जानवरों से बचाने के लिए खेतों में करंट लगाना वन्यजीवों के साथ-साथ इंसानों के लिए भी जानलेवा साबित हो सकता है। राजस्व विभाग को भी संज्ञान लेते हुए खेतों की सुरक्षा को लेकर कुछ नियमों आदि के इंतजाम करने चाहिए व करंट आदि फैलाने या लगाने के संबंध में दिशा-निर्देश भी जारी किए जाने चाहिए।
यह भी पढ़ें- जबलपुर के मुनाफाखोरों पर कार्रवाई का हंटर, मिठाई से लेकर खोवा तक की जांच; गंदगी मिलने पर होटल सील