.webp)
नईदुनिया प्रतिनिधि, सतना। एक युवक ने एक शादीशुदा महिला द्वारा अविवाहित बताकर उसे अपने घर ले जाकर अन्य पुरुष मित्रों को बुलाकर साथ मारपीट करने व नग्न अवस्था का वीडियो बनाकर 56,000 रुपये ट्रांसफर कराने की शिकायत लेकर बुधवार को मैहर थाना पहुंचा। इस मामले में मैहर थाना पुलिस ने मुख्य महिला आरोपित समेत एक पुरुष आरोपित को गिरफ्तार किया है, जबकि दो अन्य आरोपितों को पकड़ने का प्रयास कर रही है। पुलिस ने पकड़ी गई महिला आरोपित से मोबाइल भी बरामद कर लिया है और पूरे मामले की गहनता से जांच में जुट गई है।
इस संबंध में मैहर थाना पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, इस घटना के दस दिन पूर्व इंटरनेट मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम के जरिए महिला मानषी नामदेव (35) व पीड़ित युवक शिवशंकर गुप्ता (30) की दोस्ती हुई थी। दस दिन बाद जब दोनों मिले, तो पीड़ित युवक शिवशंकर महिला को छोड़ने उसके घर तक गया। वहां महिला ने उसे घर के अंदर आने व पानी इत्यादि पीने की बात कही और वह महिला के साथ उसके घर के अंदर चला गया। जहां महिला पानी लेने गई, तभी तीन अन्य युवक उसके घर आ पहुंचे।
इन युवकों के पहुंचने के बाद महिला रसोई से बाहर आई और सभी ने मिलकर पहले शिवशंकर गुप्ता को जमकर पीटा और उसके बाद उसके सारे कपड़े उतरवाकर उसका नग्न अवस्था का वीडियो भी रिकॉर्ड कर लिया। जिसे प्रसारित करने की धमकी देते हुए आरोपितों ने उससे ऑनलाइन 56,000 रुपये भी ट्रांसफर करवाए।
पीड़ित युवक शिवशंकर गुप्ता ने मैहर थाना पुलिस को बताया कि वह भदनपुर का रहने वाला है, जबकि महिला शादीशुदा होते हुए मैहर में ही रहती है, जिसके शादीशुदा होने की जानकारी युवक को नहीं थी। बुधवार को सुबह युवक शिवशंकर की महिला मानषी से फोन पर बात हुई, तो महिला ने उसे मिलने बुलाया। इसके बाद दोनों ने चौपाटी में जाकर साथ में डोसा खाया। तब महिला ने युवक से उसे घर छोड़ने की बात कही और घर जाने के बाद अपने अन्य तीन पुरुष साथियों के साथ मिलकर युवक के साथ इस घटनाक्रम को अंजाम दिया।
मुख्य आरोपित महिला व एक पुरुष को गिरफ्तार कर लिया गया है। पीड़ित युवक की शिकायत के अनुसार प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। फरार आरोपितों की तलाश की जा रही है। - अनिमेष द्विवेदी, थाना प्रभारी, थाना मैहर
यह भी पढ़ें- भिंड़ में महिला की सिर कटी लाश मिलने से मचा हड़कंप, हाथ पर लिखे 'होतम' और 'एचआर' नाम की पुलिस कर रही जांच