
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, सतना (मध्यप्रदेश) द्वारा राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली एवं मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जबलपुर के निर्देशानुसार टाउन हॉल, सतना में “सबके लिए न्याय, सब तक न्याय” थीम के अंतर्गत मेगा लीगल आउटरीच एवं जागरूकता शिविर का भव्य एवं सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ पारंपरिक रूप से दीप प्रज्वलन के साथ हुआ।
कार्यक्रम में माननीय प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण,गीता सोलंकी की गरिमामयी उपस्थिति रही। साथ ही विशेष न्यायाधीश प्रशांत कुमार निगम, जिला न्यायाधीश शशिकांत वर्मा, जिला न्यायाधीश मानवेन्द्र सिंह तथा मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रवीण सोंधिया सहित अन्य न्यायिक अधिकारीगण भी उपस्थित रहे।
अपने उद्बोधन में माननीय प्रधान जिला न्यायाधीश महोदया ने कहा कि विधिक सेवा प्राधिकरण का उद्देश्य समाज के प्रत्येक वर्ग, विशेषकर गरीब एवं वंचित व्यक्तियों तक निःशुल्क एवं सुलभ न्याय उपलब्ध कराना है तथा ऐसे शिविर आमजन को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
इस अवसर पर सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण पार्थ शंकर मिश्रा ने अपने प्रभावशाली एवं प्रेरणादायी उद्बोधन में कहा कि मेगा लीगल आउटरीच एवं जागरूकता शिविर के माध्यम से विभिन्न विभागों द्वारा पात्र हितग्राहियों को चिन्हित कर उन्हें लंबित लाभों से लाभान्वित किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि यह आयोजन केवल जानकारी प्रदान करने तक सीमित नहीं है, बल्कि वास्तव में जरूरतमंद व्यक्तियों तक योजनाओं का वास्तविक लाभ पहुँचाने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने यह भी कहा कि कोई भी पात्र व्यक्ति केवल जानकारी के अभाव में अपने अधिकारों से वंचित न रहे, यह सुनिश्चित करना विधिक सेवा प्राधिकरण का प्रमुख उद्देश्य है।
मिश्रा ने राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (NALSA) एवं राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण (SLSA) की विभिन्न योजनाओं की जानकारी देते हुए मेडिएशन (Mediation 2.0) की उपयोगिता पर प्रकाश डाला तथा इसे विवादों के त्वरित एवं सौहार्दपूर्ण समाधान का प्रभावी माध्यम बताया।
कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारियों द्वारा अपनी-अपनी जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई, जिनमें मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मनोज शुक्ला, जिला पंचायत से परियोजना अधिकारी गौरव शर्मा, श्रम विभाग से श्रम निरीक्षक नरेश पटेल, नगर निगम से विधि अधिकारी गौरव श्रीवास्तव, मध्यप्रदेश विद्युत मंडल से सहायक अभियंता रामविनीत तिवारी, शिक्षा विभाग से गर्ग तथा सामाजिक न्याय विभाग से केके शुक्ला सहित अन्य अधिकारीगण शामिल रहे। कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग की मेडिकल टीम भी उपस्थित रही, जिसने आमजन का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक परामर्श एवं प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया।
कार्यक्रम स्थल पर विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए, जहाँ बड़ी संख्या में आमजन, विशेषकर गरीब एवं वंचित वर्ग के लोगों ने पहुँचकर योजनाओं की जानकारी प्राप्त की एवं लाभ के लिए पंजीयन कराया। इस अवसर पर माननीय प्रधान जिला न्यायाधीश महोदया द्वारा मंच से हितग्राहियों को लाभान्वित किया गया।
इसमें विशेष रूप से दिव्यांगजनों को व्हीलचेयर, बैसाखी एवं अन्य सहायक उपकरण वितरित किए गए तथा विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत पात्र हितग्राहियों को लाभ प्रदान किया गया। कार्यक्रम में आए हुए अतिथियों का स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मान भी किया गया।
कार्यक्रम में पैनल अधिवक्ता, पैनल लीगल वॉलंटियर्स, लीगल एड डिफेंस काउंसिल, सहायक लीगल डिफेंस काउंसिल, पत्रकारगण एवं बड़ी संख्या में हितग्राहीगण उपस्थित रहे। अंत में सचिव श्री पार्थ शंकर मिश्रा द्वारा सभी अतिथियों, विभागीय अधिकारियों, पत्रकारगण एवं उपस्थितजनों के प्रति आभार व्यक्त किया गया, जबकि कार्यक्रम का संचालन जिला विधिक सहायता अधिकारी श्री एम. जीलानी द्वारा किया गया।