सतना मालगोदाम में पल्लेदार की मौत पर परिजनों का हंगामा, शव सड़क पर रखकर रेलवे स्टेशन के बाहर लगाया जाम
सतना मालगोदाम में काम के दौरान पल्लेदार की मौत से आक्रोशित परिजनों और साथी मजदूरों ने शव रखकर प्रदर्शन किया। प्रशासन द्वारा निष्पक्ष जांच और कार्रवाई के आश्वासन पर हंगामा शांत हुआ।
Publish Date: Thu, 22 Oct 2026 08:28:54 AM (IST)Updated Date: Thu, 22 Oct 2026 08:28:54 AM (IST)
सतना मालगोदाम में पल्लेदार की मौत पर परिजनों का हंगामा। (नईदुनिया)HighLights
- सतना मालगोदाम में पल्लेदार मंगलदीन की अचानक मौत।
- गुस्साए परिजनों व मजदूरों ने रेलवे स्टेशन पर किया हंगामा।
- सड़क पर शव रखकर चक्काजाम किया, यातायात हुआ बाधित।
नईदुनिया प्रतिनिधि, सतना। मालगोदाम में मजदूरी करने वाले पल्लेदार मंगलदीन चौधरी की मौत के बाद बुधवार शाम रेलवे स्टेशन परिसर में हंगामे की स्थिति बन गई। 45 वर्षीय मंगलदीन की मौत से नाराज परिजनों और साथी मजदूरों ने शव सड़क पर रखकर प्रदर्शन किया।
परिवार के एक सदस्य को नौकरी, आर्थिक सहायता और संबंधित ठेकेदार पर कार्रवाई की मांग को लेकर करीब आधे घंटे तक स्टेशन की मुख्य सड़क पर यातायात थमा रहा। प्रशासनिक और रेलवे अधिकारियों की समझाइश के बाद परिजन पोस्टमार्टम कराने के लिए तैयार हुए।
ट्रक में काम करते समय बिगड़ी तबीयत
हनुमान नगर नई बस्ती निवासी मंगलदीन चौधरी बुधवार शाम करीब चार बजे रेलवे मालगोदाम में मालगाड़ी से बोरियां उतारकर ट्रक में लोड कर रहा था। इसी दौरान वह ट्रक में ही अचानक अचेत होकर गिर पड़ा। साथी पल्लेदार उसे लेकर जिला अस्पताल पहुंचे, लेकिन डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक तौर पर हृदयाघात की आशंका जताई गई है। हालांकि, मौत की असल वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही स्पष्ट होगी।
अस्पताल से स्टेशन तक पहुंचा विरोध
- मंगलदीन की मौत की सूचना पर परिजन और रिश्तेदार अस्पताल पहुंचे। शाम करीब छह बजे वे शव लेकर स्टेशन परिसर पहुंच गए और मालगोदाम की ओर जाने वाली मुख्य सड़क पर रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। देखते ही देखते सड़क पर वाहनों की कतार लग गई और स्टेशन आने-जाने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
प्रदर्शनकारियों ने मालगोदाम में मजदूरों को पर्याप्त सुविधाएं नहीं मिलने का आरोप लगाया। उनका कहना था कि मजदूरों से काम तो कराया जाता है, लेकिन उनकी सुरक्षा और सुविधाओं पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया जाता। उन्होंने मृतक के परिवार को आर्थिक सहायता, एक सदस्य को नौकरी और संबंधित ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई। यह भी पढ़ें- जबलपुर में जच्चा-बच्चा की मौत के बाद हंगामा, परिजनों ने किया चक्का जाम; विधायक और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर
प्रशासन की समझाइश के बाद हटे
- स्थिति की जानकारी मिलने पर आरपीएफ थाना प्रभारी और जीआरपी चौकी प्रभारी राजेश राज मौके पर पहुंचे। बाद में एसडीएम राहुल सिलाडिया और सीएसपी मनीष त्रिपाठी ने भी पहुंचकर परिजनों से बातचीत की। अधिकारियों ने मामले की निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया और मौत का कारण स्पष्ट करने के लिए पोस्टमार्टम कराने की बात कही। इसके बाद परिजन सहमत हुए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया आगे बढ़ी।
- पुलिस के अनुसार, गुरुवार यानी आज शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। फिलहाल मौत का कारण स्पष्ट नहीं है। रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति साफ हो सकेगी।
यह भी पढ़ें- जबलपुर में दुर्गा विसर्जन जुलूस के दौरान बड़ा हादसा, हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से 2 की दर्दनाक मौत, 8 गंभीर