
नईदुनिया प्रतिनिधि, सतना। जिले के बरौंधा थाना क्षेत्र में 13 वर्ष छह माह की नाबालिग के लापता होने का मामला नया मोड़ ले चुका है। करीब डेढ़ महीने पहले दर्ज इस किशोरी की गुमशुदगी की रिपोर्ट के बाद अब मंदिर में उसकी शादी का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल हुआ है, जिसमें वह एक युवक के साथ वरमाला पहनते, फेरे लेते और मांग भरवाते दिखाई दे रही है।
जानकारी के अनुसार, बरौंधा क्षेत्र के एक परिवार ने 11 मई 2026 को थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी करीब साढ़े 13 वर्ष की बेटी घर से सामान लेने निकली थी, लेकिन घर नहीं लौटी। पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया। इसी बीच इंटरनेट मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में किशोरी मंदिर में युवक के साथ विवाह की रस्में निभाती दिखाई दे रही है।
वीडियो सामने आने के बाद पुलिस की जांच और बाल विवाह रोकथाम व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। महिला एवं बाल विकास विभाग ने मामले को गंभीरता से लिया है। विभाग के अधिकारियों के अनुसार, छठवीं कक्षा में पढ़ने वाली इस नाबालिग को अब बाल कल्याण समिति (सीडब्ल्यूसी) के समक्ष पेश किया जाएगा। उसके बयान और परिस्थितियों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
मामला पहले जानकारी में नहीं था। बरौंधा थाना प्रभारी से चर्चा के बाद जानकारी मिली है। बच्ची को बाल कल्याण समिति के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा और समिति के निर्देशों के अनुसार आगे की कार्रवाई होगी।- राजीव सिंह, महिला एवं बाल विकास अधिकारी, सतना।