
नवदुनिया प्रतिनिधि, सीहोर। जिले के आष्टा में सत्ताधारी दल से जुड़े दो राजनीतिक चेहरों के बीच विवाद ने तूल पकड़ लिया है। आष्टा विधायक के बेटे और जिला पंचायत सदस्य पर आरोप है कि वे देर रात नशे की हालत में पूर्व पार्षद के घर में घुस गए और मारपीट करते हुए धमकियां दीं।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा का विषय बन गया है। विवाद बढ़ने पर मामला थाने तक पहुंचा, जहां पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार आष्टा विधायक गोपाल सिंह इंजीनियर के पुत्र और वार्ड 11 से निर्वाचित जिला पंचायत सदस्य महेंद्र सिंह इंजीनियर पर पूर्व पार्षद बाबूलाल मालवीय ने गंभीर आरोप लगाए हैं।
बाबूलाल का कहना है कि देर रात उनके घर के बाहर आहट हुई, उनकी बेटी जब देखने के लिए बाहर आई तो महेंद्र सिंह इंजीनियर उसके पीछे-पीछे घर में घुस आए और विवाद करते हुए हाथापाई करने लगे।
आरोप है कि इस दौरान घर में मौजूद महिलाओं के साथ भी अभद्र व्यवहार किया गया और जान से मारने की धमकी दी गई। सूचना मिलने पर आष्टा पुलिस मौके पर पहुंची और महेंद्र सिंह इंजीनियर को पुलिस वाहन में बैठाकर थाने ले गई।
दूसरी ओर जिला पंचायत सदस्य महेंद्र सिंह इंजीनियर की शिकायत पर पुलिस ने पूर्व पार्षद बाबूलाल मालवीय सहित चार लोगों के खिलाफ भी प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है।
घटना के बाद सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें घर के अंदर विवाद की स्थिति दिखाई दे रही है। इसी वीडियो के आधार पर क्षेत्र में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। इस मामले में वार्ड 11 के जिला पंचायत सदस्य महेंद्र सिंह इंजीनियर का कहना है कि बाबूलाल मालवीय उनकी छवि खराब करने की कोशिश कर रहे हैं और उन पर लगाए जा रहे आरोप गलत हैं, वहीं थाना प्रभारी गिरीश दुबे का कहना है कि इंटरनेट मीडिया पर हो रही छींटाकशी को लेकर महेंद्र इंजीनियर शुक्रवार की रात बाबूलाल मालवीय को समझाने गए थे, इसी दौरान दोनों में विवाद हो गया। फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच कर रही है