सीहोर में जमीनी विवाद में खूनी संघर्ष: इलाज के दौरान युवक की मौत, शव थाने के बाहर रखकर परिजनों ने किया हंगामा
सीहोर जिले के इछावर थाना क्षेत्र के ग्राम कालापीपल जागीर में जमीनी विवाद को लेकर हुए खूनी संघर्ष में गंभीर रूप से घायल युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई ...और पढ़ें
Publish Date: Thu, 14 May 2026 03:45:56 PM (IST)Updated Date: Thu, 14 May 2026 03:52:49 PM (IST)
युवक की मौत के बाद बुधवार को इछावर थाने के बाहर शव रखकर लोगों ने प्रदर्शन किया। नईदुनिया।HighLights
- सीहोर के कालापीपल जागीर गांव में जमीनी विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया
- घायल कैलाश चंद्र वर्मा की इलाज के दौरान मौत के बाद परिजनों ने थाने के बाहर प्रदर्शन किया
- परिजनों ने पुलिस पर कमजोर धाराओं में केस दर्ज करने और लापरवाही का आरोप लगाया
नईदुनिया प्रतिनिधि, सीहोर/ इछावर। सीहोर जिले के इछावर थाना क्षेत्र के ग्राम कालापीपल जागीर में जमीनी रंजिश को लेकर हुए खूनी संघर्ष में गंभीर रूप से घायल कैलाश चंद्र वर्मा की इलाज के दौरान मौत हो गई।
मौत के बाद आक्रोशित परिजनों ने बुधवार को इछावर थाने के बाहर शव रखकर जमकर हंगामा किया और पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए।
परिजनों का आरोप है कि घटना के दौरान आरोपियों ने धारदार हथियारों से हमला किया था, इसके बावजूद पुलिस ने मामले में मामूली धाराओं में केस दर्ज किया।
पुलिस पर लगाए आरोप
परिजनों का कहना है कि यदि पुलिस शुरुआत में ही सख्त कार्रवाई करती तो शायद कैलाश की जान बच सकती थी। मृतक के परिजन एफआईआर में गंभीर धाराएं बढ़ाने और सभी आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग करते रहे। प्रदर्शन के दौरान माहौल तनावपूर्ण बना रहा। परिजनों ने आरोप लगाया कि विरोध प्रदर्शन के दौरान कुछ पुलिसकर्मी उन्हें धमकाते नजर आए, वहीं पुलिस अधिकारियों ने समझाइश देकर स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया।
26 अप्रैल की शाम हुआ था विवाद
पीड़ित नेपाल वर्मा (पिता स्वरूप सिंह वर्मा) द्वारा दर्ज रिपोर्ट के अनुसार 26 अप्रैल की शाम करीब 4 बजे उनके बड़े भाई अनूप वर्मा खेत पर मोटर चालू करने गए थे। इसी दौरान गांव के मनोज वर्मा और अनार सिंह वर्मा ने पुराने जमीनी विवाद को लेकर गाली-गलौज शुरू कर दी और मारपीट करने लगे।
अनूप के शोर मचाने पर नेपाल वर्मा सहित परिवार के अन्य सदस्य मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव का प्रयास किया। आरोप है कि इसी दौरान मनोज, दुर्गाप्रसाद, सीता बाई और अनार सिंह ने मिलकर हमला कर दिया, जिसमें कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायलों को तत्काल 112 वाहन की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में उन्हें सीहोर रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान कैलाश चंद्र वर्मा ने दम तोड़ दिया।
घटना के बाद गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए कालापीपल जागीर में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। मामले की जांच जारी है और जो भी आरोपी घटना में शामिल पाए जाएंगे, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।- पंकज वाडेकर, थाना प्रभारी, इछावर