
नईदुनिया प्रतिनिधि, सीहोर। शहर के मंडी चौराहा स्थित माता मंदिर और एसपी बंगले के समीप बुधवार शाम करीब पौने छह बजे एक ही समुदाय के दो पक्षों के बीच हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। इस दौरान एक अज्ञात आरोपित ने पीछे से आकर युवक को छुरी घोंप दी, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
जानकारी के अनुसार, माता मंदिर चौराहा मंडी निवासी लईक कुरैशी पिता लतीफ कुरैशी (45) का बुधवार शाम करीब पौने छह बजे अपने ही समुदाय के कुछ लोगों से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते कहासुनी इतनी बढ़ गई कि दोनों पक्षों में झगड़ा शुरू हो गया। इसी बीच एक अज्ञात आरोपित ने लईक कुरैशी पर पीछे से आकर छुरी से हमला कर दिया।
छुरी लगने से लईक गंभीर रूप से घायल होकर लहूलुहान हालत में मौके पर गिर पड़े। परिजन और आसपास के लोग उन्हें तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर और अस्पताल पहुंची। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और अज्ञात आरोपितों की तलाश की जा रही है। खबर लिखे जाने तक इस मामले में एफआईआर दर्ज करने की प्रक्रिया जारी थी।
यह भी पढ़ें- MP के 11 लाख सरकारी कर्मचारियों व पेंशनरों के लिए खुशखबरी, साल 2027 से मिलेगी कैशलेस इलाज की सुविधा