सीहोर में नकली सांची घी की फैक्ट्री का भंडाफोड़, 792 किलो माल जब्त; मुख्य आरोपी फरार
सीहोर जिला प्रशासन ने डोडी गांव में एक किराए के मकान से सांची कंपनी के फर्जी रैपर, पैकिंग सामग्री और वनस्पति घी किया जब्त किया है। मौके से 792 किलो नक ...और पढ़ें
Publish Date: Tue, 24 Feb 2026 07:06:19 AM (IST)Updated Date: Tue, 24 Feb 2026 07:14:44 AM (IST)
डोडी में नकली घी बनाने वाली फैक्ट्री का भंडाफोड़HighLights
- किराए के मकान से 792 किलो नकली घी बरामद
- सांची कंपनी के फर्जी रैपर, पैकिंग सामग्री भी मिले
- मुख्य आरोपी प्रशासन के पहुंचने से पहले ही फरार
नवदुनिया प्रतिनिधि, सीहोर: जिले के आष्टा क्षेत्र की जावर तहसील के ग्राम डोडी में प्रशासन ने नकली घी बनाने वाली फैक्ट्री का पर्दाफाश किया है। सोमवार शाम तहसीलदार ओमप्रकाश चोरमा के नेतृत्व में हुई छापामार कार्रवाई के दौरान एक किराए के मकान से 792 किलो नकली घी, सांची कंपनी के फर्जी रैपर, पैकिंग सामग्री और वनस्पति घी के टीन बड़ी मात्रा में जब्त किए गए। इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है।
![naidunia_image]()
एसडीएम नितिन टाले के अनुसार यह अवैध कारोबार डोडी निवासी मानसिंह सेंधव के मकान में संचालित हो रहा था। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि कल्याणपुरा निवासी गौरव वर्मा यहां नकली घी तैयार कर उसे सांची ब्रांड के नाम से बाजार में बेच रहा था। प्रशासन की टीम के पहुंचते ही मुख्य आरोपित मौके से फरार हो गया। फिलहाल पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
![naidunia_image]()
सांची कंपनी के रैपर और पैकिंग सामग्री बरामद
छापे के दौरान मौके से भारी मात्रा में सांची कंपनी के रैपर और पैकिंग सामग्री बरामद हुई है। इससे यह आशंका जताई जा रही है कि आरोपी लंबे समय से इस गोरखधंधे में लिप्त था और संगठित तरीके से नकली उत्पाद बाजार में खपा रहा था। अब जांच का प्रमुख बिंदु यह है कि असली जैसे दिखने वाले रैपर और पैकिंग सामग्री आरोपी तक कैसे पहुंची और इस नेटवर्क में और कौन-कौन शामिल है।
यह भी पढ़ें- इंदौर के भागीरथपुरा में अब दाल-बाफले, लड्डू खाने के बाद 37 लोग बीमार, फूड पॉइजनिंग की आशंका
नकली सामग्री की जब्त, जांच शुरू
प्रशासन ने जब्त सामग्री को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। खाद्य विभाग की टीम भी सैंपल जांच की तैयारी में है ताकि यह स्पष्ट हो सके कि नकली घी में किन पदार्थों का इस्तेमाल किया गया था। एसडीएम नितिन टाले का कहना है कि दोषियों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।