
नईदुनिया प्रतिनिधि, सीहोर। मध्य प्रदेश में सीहोर जिले की आष्टा सीट से भाजपा विधायक गोपाल सिंह इंजीनियर ने एक धार्मिक कार्यक्रम में गर्व से जिला पंचायत चुनाव में हॉर्स ट्रेडिंग का किस्सा सुनाया। कहा कि मैंने बाबा जी से आशीर्वाद मांगा तो उन्होंने कहा कि एक सदस्य की कमी है। इस पर मैंने कहा कि 18 में से 10 को खरीद लिया है, फिर गुरुदेव ने एक की कमी कैसे हुई यह बता दिया। इस बयान के बाद राजनीति गर्म है।
भाजपा समर्थित जिला पंचायत सदस्यों ने ही उनके खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। सदस्यों ने खरीदे गए लोगों का नाम सार्वजनिक करने की मांग की है। इस बीच जिला पंचायत सदस्य कमलेश कुमार यादव ने दावा किया है कि चुनाव के दौरान विधायक ने उन्हें भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में वोट देने के बदले 10 लाख रुपये देने का प्रस्ताव दिया था।
विवाद बढ़ने के बाद विधायक ने यू-टर्न लेते हुए कहा कि वह बात उन्होंने मजाक में कही थी। जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजीव गुजराती ने इसे लोकतंत्र का चीरहरण बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा धनबल और सत्ता के दम पर वोट चोरी कर रही है। गुजराती ने कहा कि जब पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के गृह जिले में इस तरह के बयान सामने आ रहे हैं, तो प्रदेश के दूसरे जिलों के हालात का अंदाजा लगाया जा सकता है।
यह भी पढ़ें- सिवनी में चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ का असर, ग्रामीण इलाकों में बूंदाबांदी और कृषि मंडी में मक्का की आवक बंद