MP Board 12वीं परीक्षा के रिजल्ट में किसान की बेटी ने किया कमाल, प्रदेश में पाया पांचवां स्थान
प्रिंसी ने जीव विज्ञान संकाय से परीक्षा देते हुए 500 में से 487 अंक प्राप्त किए। उनकी इस उपलब्धि से परिवार, विद्यालय और गांव में खुशी की लहर है। ...और पढ़ें
Publish Date: Wed, 15 Apr 2026 01:05:05 PM (IST)Updated Date: Wed, 15 Apr 2026 01:09:00 PM (IST)
प्रिंसी विश्वकर्मा।HighLights
- शासकीय संदीपनि बालक उच्चतर माध्यमिक शाला आष्टा से की पढ़ाई
- सीमित संसाधनों में मेहनत कर डॉक्टर बनकर सेवा करने का सपना
- सफलता का श्रेय माता-पिता, गुरुजनों और नियमित अध्ययन को दिया
नवदुनिया प्रतिनिधि, सीहोर। ग्राम पंचायत खेजड़ा के पूर्व सरपंच एवं किसान मुकेश विश्वकर्मा की बेटी प्रिंसी विश्वकर्मा ने 12वीं बोर्ड परीक्षा में शानदार प्रदर्शन करते हुए पूरे प्रदेश में पांचवां स्थान हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। प्रिंसी ने जीव विज्ञान संकाय से परीक्षा देते हुए 500 में से 487 अंक प्राप्त किए। उनकी इस उपलब्धि से परिवार, विद्यालय और गांव में खुशी की लहर है।
ग्रामीणों ने मिठाई बांटकर और शुभकामनाएं देकर प्रिंसी की सफलता का जश्न मनाया। प्रिंसी ने अपनी पढ़ाई शासकीय संदीपनि बालक उच्चतर माध्यमिक शाला, आष्टा से पूरी की है। सीमित संसाधनों के बीच लगातार मेहनत और अनुशासन के बल पर उन्होंने यह मुकाम हासिल किया।
माता-पिता और टीचर्स को दिया सफलता का श्रेय
अपनी सफलता पर प्रिंसी ने कहा कि उनका सपना डॉक्टर बनकर लोगों की सेवा करना है। उन्होंने बताया कि आगे भी वे पूरी लगन से पढ़ाई जारी रखेंगी ताकि अपने लक्ष्य को हासिल कर सकें। प्रिंसी ने अपनी इस सफलता का श्रेय माता-पिता, गुरुजनों और नियमित अध्ययन को दिया।
वहीं पिता मुकेश विश्वकर्मा ने बेटी की उपलब्धि पर गर्व जताते हुए कहा कि यह पूरे गांव और क्षेत्र के लिए प्रेरणादायक पल है। प्रिंसी की इस उपलब्धि से आष्टा और खेजड़ा क्षेत्र में हर्ष का माहौल है। विद्यालय परिवार ने भी इसे संस्था के लिए गौरवपूर्ण क्षण बताया।