
नवदुनिया प्रतिनिधि, सीहोर। जिले के भैरूंदा तहसील अंतर्गत ग्राम सातदेव में आयोजित 21 दिवसीय महायज्ञ एवं संगीतमय शिव महापुराण कथा का समापन गुरुवार को अत्यंत श्रद्धा, भक्ति और भव्यता के साथ हुआ। समापन अवसर पर मां नर्मदा का 11 हजार लीटर दूध से अभिषेक किया गया, जिसे देखने और इस दिव्य अनुष्ठान में शामिल होने के लिए दूर-दूर से हजारों श्रद्धालु पहुंचे। पूरा श्री दादाजी दरबार पातालेश्वर महादेव मंदिर परिसर भक्तिमय माहौल से गूंज उठा।
अभिषेक के दौरान केवल दूध ही नहीं, बल्कि विशेष पूजन सामग्री का भी भव्य उपयोग किया गया। अनुष्ठान में 21-21 किलो काजू, बादाम, अखरोट, किशमिश और केसर सहित अन्य सामग्री अर्पित की गई। वैदिक मंत्रोच्चार और पंडितों के सान्निध्य में हुए इस अभिषेक ने उपस्थित श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक अनुभूति से भर दिया। श्रद्धालुओं ने मां नर्मदा और भगवान पातालेश्वर महादेव के जयकारों के साथ पूरे वातावरण को भक्तिरस में सराबोर कर दिया।
आयोजन के दौरान मां नर्मदा को 201 साड़ियां भी अर्पित की गईं, जो श्रद्धा और आस्था का विशेष प्रतीक बना। मंदिर परिसर को आकर्षक विद्युत सज्जा, पुष्प सजावट और दीपों से भव्य रूप दिया गया था। हर दिन आयोजित शिव महापुराण कथा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए और धर्म लाभ प्राप्त किया।
इस 21 दिवसीय आयोजन का मुख्य आकर्षण 41 टन सामग्री से संपन्न हुआ महायज्ञ रहा, जिसमें क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति और जनकल्याण की कामना के साथ आहुतियां दी गईं। समापन संध्या पर 21 हजार दीपों से भव्य महाआरती की गई, जिसका अद्भुत दृश्य श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का केंद्र रहा।
दीपों की रोशनी से पूरा मंदिर परिसर जगमगा उठा और वातावरण “हर-हर महादेव” व “नर्मदे हर” के जयघोष से गूंजता रहा। ग्राम सातदेव का यह धार्मिक आयोजन क्षेत्र में आस्था, संस्कृति और सनातन परंपरा का अनूठा उदाहरण बनकर सामने आया, जिसकी चर्चा पूरे जिले में हो रही है।
----------