नवदुनिया नवदुनिया प्रतिनिधि, सीहोर। विट्ठलेश सेवा समिति के तत्वावधान में कुबरेश्वर धाम में आयोजित होने वाले आगामी रुद्राक्ष महोत्सव और शिव महापुराण कथा की तैयारियों ने जोर पकड़ लिया है। आयोजन को सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाने के लिए पुलिस प्रशासन ने कमर कस ली है।
सोमवार को पुलिस कंट्रोल रूम में भोपाल और देवास जिले के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण समन्वय बैठक आयोजित की गई, जिसमें यातायात डायवर्जन प्लान को अंतिम रूप दिया गया।
यातायात व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया गया
रुद्राक्ष महोत्सव के दौरान हाईवे पर दबाव कम करने के लिए यातायात व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया गया है। यह व्यवस्था 12 फरवरी की सुबह 6 बजे से 21 फरवरी की सुबह 6 बजे तक प्रभावी रहेगी।
प्रमुख रूट चार्टः भारी वाहन भोपाल से इंदौर
भोपाल की ओर से आने वाले ट्रक व अन्य भारी वाहन परवलिया मुबारकपुर जोड़ और खजूरी तुमड़ा जोड़ से डायवर्ट होकर श्यामपुर, कुरावर, ब्यावरा और शाजापुर होते हुए मक्सी-देवास निकलेंगे।
भारी वाहन इंदौर से भोपाल
इंदौर-देवास की ओर से आने वाले भारी वाहन मक्सी, शाजापुर, ब्यावरा और श्यामपुर के रास्ते भोपाल पहुंचेंगे।
हल्के वाहन कार और बस
भोपाल से इंदौर जाने वाली कारें और यात्री बसें सीहोर न्यू क्रिसेंट चौराहे से भाऊखेड़ी जोड़, अमलाहा होते हुए आष्टा-इंदौर जा सकेंगी। वापसी भी इसी मार्ग से होगी।
श्रद्धालुओं के लिए सीधा मार्ग
कुबरेश्वर धाम आने वाले श्रद्धालुओं के निजी वाहन बिना किसी डायवर्जन के सीधे कथा स्थल तक पहुंच सकेंगे, जिनके लिए धाम पर विशाल पार्किंग बनाई गई है।
रेलवे स्टेशन पर भी रहेगी पैनी नजर
बैठक में आईजी देहात जोन संजय तिवारी और डीआईजी राजेश सिंह चंदेल ने रेलवे और आरपीएफ अधिकारियों के साथ भी चर्चा की। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए रेलवे स्टेशन पर अस्थायी होल्डिंग एरिया बनाए जाएंगे, जहां पेयजल, शौचालय और प्रकाश की उचित व्यवस्था होगी। ट्रेनों की स्थिति की निरंतर घोषणा पीए सिस्टम के माध्यम से की जाएगी।
सुरक्षा के चाक-चौबंद इंतजाम
पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार शुक्ला ने बताया कि सभी डायवर्जन पाइंट्स पर सीसीटीवी कैमरे, पीए सिस्टम और क्रेन की व्यवस्था रहेगी। साथ ही इमरजेंसी के लिए गैस कटर और मैकेनिक तैनात रहेंगे।
ड्यूटी में ग्राम कोटवारों और ग्राम रक्षा समिति के सदस्यों का भी सहयोग लिया जाएगा। सीमावर्ती जिलों के पुलिस अधिकारियों का एक व्हाट्सएप ग्रुप बनाया गया है ताकि सूचनाओं का आदान-प्रदान तुरंत हो सके।
अधिकारियों ने किया धाम का निरीक्षण
बैठक के बाद अधिकारियों ने कुबरेश्वर धाम पहुंचकर कथा पंडाल, भोजनशाला, कंट्रोल रूम और विशेष कारिडोर का निरीक्षण किया। विट्ठलेश सेवा समिति के पदाधिकारियों को निर्देश दिए गए कि डोम की मजबूती और श्रद्धालुओं की बैठने की क्षमता का विशेष ध्यान रखा जाए। इस दौरान सीहोर एएसपी सुनीता रावत, भोपाल एएसपी नीरज चौरसिया सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
श्रद्धालुओं के लिए ऑटो का किराया निर्धारित
कलेक्टर बालागुरु के. के निर्देशानुसार कुबेरेश्वर धाम के लिए आटो रिक्शा का किराया भी निर्धारित किया गया है। जिसमें सीहोर रेलवे स्टेशन से कुबेरेश्वर धाम 30 रुपए प्रति सवारी और सीहोर बस स्टैंड से कुबेरेश्वर धाम 25 रुपए प्रति सवारी निर्धारित है।
कलेक्टर बालागुरु के. ने निर्देश दिए हैं कि श्रद्धालुओं से निर्धारित किराए से अधिक किराया न लिया जाए। इसके साथ ही सभी ड्रायवर के आई-कार्ड अथवा वैच धारण करें ताकि पहचान सुनिश्चित रह सकें। उन्होंने निर्देश दिए हैं कि सभी ऑटो वाहन क्षमता से अधिक यात्री ना बैठाए तथा गति सीमा व यातायात नियमों का पालन करें, ताकि आयोजन में यातायात बाधित ना हों।
यह भी पढ़ें- Sehore News: चलती बस के ड्राइवर को आया हार्ट अटैक, यात्रियों की सूझबूझ से बची जान
वाहनों के फिटनेस परमिट की वैधता जांच
जिला परिवहन अधिकारी रीतेश तिवारी ने निर्देश दिए हैं कि सभी वाहनों के फिटनेस परमिट की वैधता जांच की जाए और बगैर फिटनेस व परमिट वाहनों का संचालन न किया जाए। सभी बसें जो कुबेरेश्वर धाम पर यात्रियों को लाने व ले जाने के लिए संचालित की जाएंगी, उनमें स्पष्ट रूप से बैनर लगाया जाए।