सीहोर: दो पक्षों की लड़ाई में गोली मारकर युवक की हत्या, थाने व पीएम रूम के बाहर हंगामा
सीहोर-भेरूंदा स्टेट हाईवे स्थित भाऊखेड़ी जोड़ पर शनिवार रात करीब 8 बजे दो पक्षों के बीच विवाद के दौरान फायरिंग हुई। सिर में गोली लगने से भाऊखेड़ी निवासी सचिन वर्मा की मौके पर ही मौत हो गई।
Publish Date: Sun, 22 Nov 2026 10:36:38 AM (IST)Updated Date: Sun, 22 Nov 2026 10:36:38 AM (IST)
मृतक के परिजनों ने पुलिस पर आरोपियों की गिरफ्तारी में लापरवाही बरतने का आरोप लगाकर हाईवे पर चक्काजाम किया। नईदुनिया।HighLights
- सीहोर-भेरूंदा स्टेट हाईवे स्थित भाऊखेड़ी जोड़ पर विवाद
- दो पक्षों के बीच विवाद के दौरान फायरिंग हुई
- सिर में गोली लगने से सचिन वर्मा की मौके पर ही मौत
नईदुनिया प्रतिनिधि, सीहोर। सीहोर-भेरूंदा स्टेट हाईवे स्थित भाऊखेड़ी जोड़ पर शनिवार रात करीब 8 बजे दो पक्षों के बीच हुए आपसी विवाद ने खूनी रूप ले लिया। इस दौरान चली गोली में भाऊखेड़ी निवासी सचिन वर्मा (पिता द्वारका प्रसाद) की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। गोली युवक के सिर में लगी थी। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल है और मृतक के परिजनों ने पुलिस पर गंभीर लापरवाही बरतने के आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया।
विवाद के दौरान चली गोली
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सीहोर-भेरूंदा स्टेट हाईवे पर स्थित अल्फा प्रोटीन फैक्ट्री के गोदाम पर भूसा लेकर आए ट्रॉली के मजदूरों और पास ही स्थित कल्लू चेयरमैन के ढाबे पर मौजूद लोगों के बीच किसी बात को लेकर विवाद चल रहा था। देखते ही देखते यह विवाद इतना बढ़ गया कि वहां फायरिंग शुरू हो गई। इसी दौरान सिर में गोली लगने से सचिन वर्मा की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। मृतक के परिजनों का आरोप है कि घटनास्थल से पुलिस को कारतूस और बंदूक भी बरामद हुई है, लेकिन इसके बावजूद पुलिस मामले में ढिलाई बरत रही है और अब तक आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया गया है।
परिजनों ने रोड किया जाम
पुलिस की इस कार्यप्रणाली से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने स्टेट हाईवे पर चक्काजाम कर दिया, जिससे मार्ग पर यातायात बाधित हो गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एडिशनल एसपी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने आक्रोशित परिजनों को समझाइश दी और निष्पक्ष कार्रवाई का आश्वासन देकर हाईवे से जाम खुलवाया। इसके बाद परिजनों को इछावर थाने ले जाया गया।
हालांकि, परिजनों का गुस्सा यहीं शांत नहीं हुआ और उन्होंने पुलिस थाने के साथ-साथ पोस्टमार्टम रूम के बाहर भी जमकर हंगामा किया। परिजनों की मांग है कि जब मौके से हथियार और कारतूस बरामद हो चुके हैं, तो पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी में देरी क्यों कर रही है। वे हत्यारों की तत्काल गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग पर अड़े हुए हैं।
फिलहाल, पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और स्थिति को नियंत्रित करने के लिए क्षेत्र में निगरानी रखी जा रही है।