
नईदुनिया प्रतिनिधि, सिवनी। जिले के कुरई थाना क्षेत्र अंतर्गत एनएच-44 नागपुर मार्ग पर बीती रात भीषण सड़क हादसा हो गया। मेटेवानी चेक पोस्ट से करीब 200 मीटर पहले रात लगभग 3 बजे मरीज को लेकर जा रही एक एंबुलेंस (एमपी 09 एडी 0984) आगे चल रहे कंटेनर (एचआर 55 एएच 4186) में पीछे जा घुसी।
इस दुर्घटना में एक युवक की मौत हो गई, जबकि एंबुलेंस चालक सहित चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। कुरई थाना प्रभारी कृपाल शाह टेकाम ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और सभी को कुरई अस्पताल ले गई।
दुर्घटना में कोतवाली क्षेत्र निवासी अभिषेक पुत्र हरिराम बघेल (27) की मौत हो गई। दुखद यह रहा कि अभिषेक ही वह मरीज था, जिसे परिजन इलाज कराने एंबुलेंस से नागपुर ले जा रहे थे। हादसे में घायल अन्य चार लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल सिवनी भेजा गया। इनमें से बंडोल थाना क्षेत्र के कुदवारी निवासी सतुपाल पुत्र मंगलप्रसाद बघेल (32) को गंभीर चोटें आने के कारण बेहतर इलाज के लिए नागपुर रेफर किया गया है।
यह भी पढ़ें- कांग्रेस सरकार पर बरसे सीएम मोहन यादव, कहा- विपक्ष के राज में ट्रांसफर के नाम पर लोगों को डराया-धमकाया जाता था
मानेगांव निवासी राजा पुत्र द्वारका प्रसाद बघेल (34) का सिवनी जिला अस्पताल में उपचार जारी है। हादसे में घायल एक अन्य व्यक्ति के नाम की जानकारी फिलहाल नहीं मिल पाई है। पुलिस के अनुसार एंबुलेंस में सवार सभी यात्री एक ही परिवार के सदस्य थे। कुरई पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है।