सिवनी में जनगणना कार्य में बाधा पहुंचा शासकीय सेवक से मारपीट पर हुई एफआईआर
उल्लेखनीय है कि जनगणना 2027 के तहत मकान सूचीकरण करने शासकीय सेवक घर-घर दस्तक दे रहे हैं। मकान सूचीकरण का कार्य 30 मई तक सतत रूप से संचालित किया जाएगा। ...और पढ़ें
Publish Date: Fri, 01 May 2026 08:07:37 PM (IST)Updated Date: Fri, 01 May 2026 08:12:58 PM (IST)
पुलिस थाना केवलारी। फाइलHighLights
- पीएम आवास में कर्मचारी ने सूचीकरण नंबर दर्ज किया।
- दिनेश झारिया ने शासकीय सेवक को लाठी मार दी थी।
- जिसकी चोट कर्मचारी के बायें हाथ की उंगली में लगी।
नईदुनिया प्रतिनिधि, सिवनी। जनगणना 2027 के प्रथम चरण में 1 मई से मकान सूचीकरण व मकानों की गणना का कार्य प्रारंभ किया गया है। जनगणना कार्य में पहले दिन ही एक शासकीय सेवक से विवाद कर शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाने तथा मारपीट करने पर चोट पहुंचाने का मामला सामने आया है।
इस प्रकरण में प्रार्थी की शिकायत पर आरोपित दिनेश झारिया (35) के खिलाफ केवलारी पुलिस ने शासकीय कार्य में बाधा, मारपीट व धमकी देने संबंधी धाराओं में एफआईआर दर्ज कर प्रकरण को जांच में लिया है।
केवलारी पुलिस के अनुसार चीचबंद के प्रधान पाठक उजल सिंह तेकाम मकान सूचीकरण की कार्रवाई करने पांजरा गांव पहुंचे थे। दिनेश झारिया के पीएम आवास में कर्मचारी ने सूचीकरण का नंबर अंकित किया।
इसी बीच मौके पर आरोपित दिनेश झारिया पहुंच गया और अनर्गल आरोप लगाते हुए शासकीय सेवक को लाठी मार दी, जो कर्मचारी के बायें हाथ की उंगली में लगी। इसकी सूचना तत्काल डायल 100 को दी गई। वहीं तहसीलदार शशांक मेश्राम और थाना प्रभारी प्रीतम तिलगांव भी मौके पर पहुंच गए।
घटना के बाद आरोपित मौके से फरार हो गया। थाना प्रभारी प्रीतम तिलगांव के बताया कि प्रार्थी के अनुसार घटना के दौरान आरोपित नशे में था, जिसने मकान में सूचीकरण का नंबर अंकित करने पर धमकी देते हुए अचानक डंडे से हमला कर दिया। पुलिस मामले में विस्तृत जांच कर रही है।
30 मई तक चलेगा मकान सूचीकरण कार्य
- उल्लेखनीय है कि जनगणना 2027 के तहत मकान सूचीकरण करने शासकीय सेवक घर-घर दस्तक दे रहे हैं। मकान सूचीकरण का कार्य 30 मई तक सतत रूप से संचालित किया जाएगा।
- ऐसे में जिला प्रशासन ने प्रगणकों का सहयोग करते हुए निर्धारित प्रक्रिया को सुगम बनाने की अपील की है। प्रथम चरण में नियुक्त प्रगणक व पर्यवेक्षक घर-घर पहुंचकर प्रत्येक मकान, उसमें निवासरत परिवारों तथा अन्य आवश्यक सामाजिक-आर्थिक जानकारियों का संकलन करेंगे।
जनगणना कार्य को व्यवस्थित, पारदर्शी तरीके से करने सभी आवश्यक व्यवस्थाएं जिला प्रशासन ने सुनिश्चित की हैं।
अधिकारियों को निर्देशित किया है कि कार्य के दौरान किसी भी नागरिक को असुविधा न हो तथा निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण डाटा संकलन किया जाए।
जनगणना से प्राप्त आंकड़े भविष्य की शासकीय योजनाओं, संसाधनों के समुचित वितरण तथा विकास कार्यों की रूपरेखा तय करने में अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। आमजनों से सहयोग की अपील, सभी जानकारियां रहेंगी गोपनीय
- कलेक्टर नेहा मीना ने जिलेवासियों से अपील की है कि जनगणना एक राष्ट्रीय दायित्व है। इसमें प्रत्येक नागरिक की सहभागिता आवश्यक है।
- नागरिकों से आग्रह किया कि जब प्रगणक उनके घर पहुंचे तो उन्हें सही, पूर्ण व आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराएं, जिससे आंकड़ों की सटीकता सुनिश्चित हो सके।
- कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि जनगणना में एकत्रित सभी जानकारियां पूरी तरह गोपनीय रखी जाती हैं।
- उनका उपयोग केवल शासकीय योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन व नीति निर्धारण में किया जाता है।
कंट्रोल रूम से मिलेगी प्रगणकों, पर्यवेक्षकों को तकनीकी सहायता
- प्रथम चरण में मकान सूचीकरण व मकान गणना कार्य 30 मई तक जिले में प्रगणकों, पर्यवेक्षकों द्वारा किया जाएगा। मैदानी कार्य के दौरान तकनीकी समस्याओं के त्वरित निराकरण करने जिला स्तर पर कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है, जो तहसील कार्यालय सिवनी के नये भवन से संचालित है।
- यहां मास्टर ट्रेनर्स की ड्यूटी लगाई गई है। कंट्रोल रूम में केके मेहरा व्याख्याता शासकीय पालीटेक्निक कालेज सिवनी मोबाइल नंबर 9993798079 तथा कमलेश श्रीवास्तव वरिष्ठ प्रशिक्षक आईटीआई सिवनी मोबाइल नंबर 9827676734 को तैनात किया गया है, जो प्रगणकों को मोबाइल एप व अन्य तकनीकी समस्याओं के समाधान में सहायता प्रदान करेंगे।
- उल्लेखनीय है कि जनगणना कार्य में संलग्न अधिकारियों, कर्मचारियों के सभी प्रकार के अवकाश पर कलेक्टर व प्रमुख जनगणना अधिकारी नेहा मीना ने प्रतिबंध जारी किया है।
- केवल विशेष परिस्थितियों में ही अवकाश स्वीकृत किया जा सकेगा, इसके लिए संबंधित अधिकारी को कलेक्टर से पूर्व अनुमति प्राप्त करना अनिवार्य होगा।