
नईदुनिया प्रतिनिधि, सिवनी। जिले के बंडोल थाना अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग 44 पर भोंगाखेड़ा के पास सराफा व्यापारी योगेंद्र बघेल के साथ हुई 1 करोड़ 11 लाख रुपये की सनसनीखेज डकैती का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर राजफाश कर दिया है।
छिंदवाड़ा रेंज के डीआईजी राकेश कुमार सिंह ने शनिवार को प्रेस वार्ता में बताया कि इस बड़ी डकैती में शामिल सातों आरोपितों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया गया है।

आरोपितों द्वारा व्यापारी की आंखों में मिर्ची पाउडर डालकर और चाकू की नोंक पर लूटे गए 26 किलो चांदी तथा 320 ग्राम सोने के जेवरात (शत-प्रतिशत सामग्री) सहित नकदी, दो मोटरसाइकिलें और सात मोबाइल फोन पुलिस ने बरामद कर लिए हैं।
डकैतों ने लूटे गए जेवर आपस में बांट लिए थे, जिसे बेचने से पहले पुलिस ने पूरी सामग्री को जब्त कर लिया। इस उपलब्धि के लिए पुलिस मुख्यालय भोपाल (डीजीपी कार्यालय) से सिवनी पुलिस टीम को पुरस्कृत किया जाएगा। घटना की सूचना मिलते ही एसपी कृष्ण लालचंदानी ने पड़ोस के सभी जिलों में नाकाबंदी कर अलर्ट किया।

डीआईजी राकेश कुमार सिंह ने बताया कि लखनवाड़ा निवासी सराफा व्यापारी योगेंद्र बघेल विगत 10 वर्षों से ग्रामीण हाट बाजारों में जेवरात बेचने का कार्य करते हैं। 3 सितंबर की शाम जब वे बंडोल बाजार से अपनी जीवन भर की कमाई (सोने-चांदी के जेवर) लेकर बाइक से अकेले लौट रहे थे, तब पूरी प्लानिंग व रेकी के साथ आरोपितों ने भोंगाखेड़ा स्थित गीता वेयर हाउस के पास उनकी बाइक को धक्का देकर गिरा दिया।
बदमाशों ने उनकी आंखों में लालमिर्च पाउडर झोंका और वारदात को अंजाम दिया। घटना की गंभीरता को देखते हुए जबलपुर एडीजीपी प्रमोद वर्मा तथा छिंदवाड़ा डीआईजी राकेश कुमार सिंह के निर्देशन और सिवनी एसपी कृष्ण लालचंदानी के मार्गदर्शन में 10 विशेष पुलिस टीमों का गठन किया।
इन टीमों ने जिले और आसपास की सीमाओं पर सघन चेकिंग की और 200 से अधिक स्थानों के सीसीटीवी फुटेज खंगालकर सभी सातों आरोपितों को अलग-अलग स्थानों से गिरफ्तार कर लूट का माल बरामद कर लिया है।
कार्रवाई में सीएसपी चंचलेश मरकाम, डीएसपी सीके सिरामे, निरीक्षक चैनसिंह उइके, सतीश तिवारी, ओमेश्वर ठाकरे, मोहनिस बैस, विजय बघेल, बंडोल थाना प्रभारी मनोज कुमार जंघेला, मुकेश डेहरिया, आशीष धुर्वे सहित सायबर सेल एएसआइ देवेन्द्र जायसवाल, आरक्षक अजय बघेल, विनय चौरिया, प्रधान आरक्षक सुन्दरश्याम तिवारी, मुकेश विश्वकर्मा, अभिराज सिंह राजपूत, अवधेश बघेल कार्रवाई में शामिल रहे।
विभिन्न थानों के एसआई नीरज दुबे, सुक्कुलाल उइके, बीएस प्रजापति, एएसआइ संजय बघेल, शिवेन्द्र वसूले, राजेन्द्र ठाकुर, शैलेष तिवारी, प्रधान आरक्षक व आरक्षक (शिवदीप ठाकुर, दिपेश रघुवंशी, अमित रघुवंशी, संजय यादव, प्रदीप चौधरी, सुधीर डेहरिया, संतोष साहू, प्रतीक बघेल, दीपाली बघेल, दीपक, संजू उइके, बालमुकुंद बघेल, जयेन्द्र बघेल, संदेश परतेती, सतेन्द्र चन्द्रवंशी, रजनीकांत ठाकुर, विजय मरांपा, रूखमणी डेहरिया, मूलसिंह, विनोद बघेल, परवेज सिद्दिकी) तथा चालक प्रदीप तिवारी, पंकज शर्मा, देवेन्द्र सनोडिया शामिल रहे।
यह भी पढ़ें- जबलपुर में रुपये नहीं दिए तो किराना व्यापारी की गर्दन पर अड़ाया चाकू, दो किशोर गिरफ्तार