
नईदुनिया प्रतिनिधि, सिवनी। जिले के केवलारी विकासखंड के पांडिया छपारा के प्राथमिक स्कूल सुआ में शिक्षक दिवस पर केक खाने से आठ छात्रों सहित एक शिक्षक अचानक तबीयत बिगड़ गई। सभी को पांडिया छपारा के प्राथमिक उपचार के बाद आनन-फानन में जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। सभी की स्थिति डाक्टरों के नियंत्रण में बताई गई है।प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बच्चों को उल्टी और जी मचलने की शिकायत हुई थी।
बीआरसीसी केवलारी सतीश साहू ने बताया कि सुआ प्राथमिक स्कूल (कक्षा 1 से 5) में शिक्षक दिवस मनाने बच्चे पांडिया छपारा की एक दुकान से केक लेकर आए थे। दोपहर लगभग 12 बजे जब केक काटा गया और सभी ने इसे खाया, तो करीब 10-15 मिनट बाद ही बच्चों, शिक्षक को उल्टियां होने लगीं।
स्थिति को गंभीरता से लेते हुए शाला प्रबंधन ने तत्काल स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र पांडिया छपारा में प्राथमिक उपचार कराया। हालांकि, बच्चों की बिगड़ती हालत को देखते हुए और एंबुलेंस लखनादौन क्षेत्र में होने के कारण निजी वाहन से सभी को बेहतर इलाज के लिए जिला चिकित्सालय भेज दिया गया।
जिला अस्पताल के चिकित्सकों के अनुसार यह फूड पाइजनिंग का मामला हो सकता है, लेकिन स्पष्ट कारण विस्तृत जांच के बाद ही पता चल सकेगा। फिलहाल सभी की स्थिति सामान्य बताई जा रही है। खाद्य विभाग की टीम ने भी संज्ञान लेते हुए केक के सैंपल ले लिए हैं, जिन्हें जांच के लिए भेजा गया है।
दुकान संचालक के अनुसार बच्चों ने एक दिन पूर्व 4 सितंबर को सुबह 10 बजे केक खरीदा था और 5 सितंबर को उसे खाया। घटना की जानकारी मिलते ही गांव के सरपंच अशोक राहंगडाले और अन्य ग्रामीण भी स्कूल और अस्पताल पहुंचे और बच्चों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की।
अस्पताल में भर्ती छात्रों में पीहू पुत्र गणेश मरकाम (11), दीक्षा पुत्र दुर्गेश (6), दिव्या पुत्र मेनसिंह मर्सकोले (10), नंदनी पुत्र राकेश (10), फरदीन पुत्र दिनेश उइके (9), प्रेम पुत्र गणेश मरकाम (8), आयुष पुत्र हेमराज मर्सकोले (7), शिवा पुत्र विनोद मरकाम (9) शामिल है।
एक शिक्षक सत्येंद्र सोनवाने (36) को उल्टी के अलावा वायरल इन्फेक्शन से पीड़ित था। सिविल सर्जन डा. विनोद नावकर ने बताया कि पांडिया छपारा से लाए गए सभी छात्राओं की स्थिति में सुधार है, जो अस्पताल में भर्ती है। सभी का इलाज चल रहा है।
यह भी पढ़ें- जबलपुर में अधारताल के लक्ष्मी नारायण मंदिर में मूर्ति खंडित, ताले तोड़कर दानपेटी से नकदी चुराई