
नईदुनिया प्रतिनिधि, सिवनी। जिले के कुरई थाना क्षेत्र अंतर्गत सुकतरा-बादलपार मार्ग स्थित हवाई पट्टी के पास बने शांति वन रिसोर्ट में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए रिसोर्ट संचालक के बेटे सहित तीन आरोपितों को हिरासत में लिया है। ग्रामीणों की शिकायत पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की, जिसमें नाबालिग से जुड़े मामले का खुलासा हुआ।
जानकारी के अनुसार ग्रामीणों को लंबे समय से रिसोर्ट में संदिग्ध गतिविधियों की आशंका थी। इसकी सूचना पुलिस को दी गई थी। शिकायत मिलने के बाद पुलिस टीम ने रिसोर्ट पहुंचकर वहां मौजूद लोगों से पूछताछ की।
जांच के दौरान पता चला कि रिसोर्ट संचालक का बेटा और डूंडासिवनी निवासी अंकित सनोडिया (23) अपने दो साथियों की मदद से 17 वर्ष 11 माह की नाबालिग बालिका को रिसोर्ट बुलाता था। पुलिस के अनुसार 15 अप्रैल से 16 मई के बीच नाबालिग को कई बार रिसोर्ट लाया गया।
इसी दौरान ग्रामीणों के रिसोर्ट पहुंचने पर वहां हंगामा खड़ा हो गया। मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपितों को हिरासत में लिया। पुलिस ने मौके से अन्य लोगों से भी पूछताछ की।
बरघाट एसडीओपी ललित गठरे ने बताया कि आरोपितों के खिलाफ BNS की धारा 64(1), 64(i), 137(2), 3(5) के साथ पाक्सो एक्ट की धारा 3 और 4 तथा एससी-एसटी एक्ट की धारा 3(2)(वी) और 3(2)(वीए) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार मामले की विस्तृत जांच जारी है। तहसीलदार को रिसोर्ट सील करने के लिए पत्र भेजा जाएगा। वहीं पूछताछ के दौरान दो दंपतियों ने अपने विवाह संबंधी दस्तावेज प्रस्तुत किए, जिसके बाद उन्हें छोड़ दिया गया।
स्थानीय ग्रामीणों और समाजसेवियों का कहना है कि रिसोर्ट में लंबे समय से संदिग्ध गतिविधियों की शिकायतें मिल रही थीं। क्षेत्र में शैक्षणिक संस्थान और आबादी क्षेत्र होने के कारण लोगों ने चिंता जताई है। ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने थाना पहुंचकर होटल संचालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई और रिसोर्ट को तत्काल सील करने की मांग की है।