
नईदुनिया प्रतिनिधि, शहडोल। जिले में नशे के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत ब्यौहारी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने घेराबंदी कर एक सफेद ब्रेजा कार से 1 क्विंटल 27 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। जब्त गांजा की अनुमानित कीमत 12 लाख 70 हजार रुपये आंकी गई है। पुलिस को देखकर आरोपित वाहन छोड़कर जंगल की ओर फरार हो गए।
क्या है पूरा मामला
पुलिस को सूचना मिली थी कि सीजी 13 एए 7494 नंबर की सफेद ब्रेजा कार में अवैध गांजा मानपुर की ओर से ब्यौहारी बिक्री के लिए लाया जा रहा है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी जियाउल हक ने हमराह स्टाफ के साथ ब्यौहारी-मानपुर रोड स्थित फॉरेस्ट हाउस के पास घेराबंदी की।
आरोपितों ने दूर से पुलिस वाहन देख लिया
घेराबंदी के दौरान आरोपितों ने दूर से पुलिस वाहन देख लिया और कार सड़क किनारे छोड़कर जंगल की ओर भाग निकले। पुलिस ने वाहन की तलाशी ली तो उसमें चार काले रंग की बोरियां मिलीं। बोरियां खोलने पर छोटे-छोटे पैकेटों में गांजा भरा मिला। मौके पर तौल करने पर कुल वजन 1.27 क्विंटल पाया गया।
एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज
पुलिस ने अज्ञात आरोपितों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फरार तस्करों की तलाश में जंगल और आसपास के क्षेत्रों में सर्चिंग अभियान चलाया जा रहा है। वाहन नंबर के आधार पर उसके मालिक की जानकारी भी जुटाई जा रही है।
पुलिस ने पूरे मामले को लेकर क्या कहा
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक रामजी श्रीवास्तव, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक दीवान और एसडीओपी मुकेश आविद्रा के निर्देशन में की गई। कार्रवाई में थाना प्रभारी जियाउल हक, उपनिरीक्षक बालकरण प्रजापति सहित पुलिस टीम के अन्य सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
यह भी पढ़ें- भोपाल मेट्रो के रूट पर अनोखा प्रयोग, हर आधे किलोमीटर पर दिखेगा स्टेशन, 2.23 किमी के हिस्से में सिविल वर्क पूरा