
नईदुनिया प्रतिदिन शहडोल। जिले की ओरिएंट पेपर मिल (ओपीएम) के बायलर डिपार्टमेंट में बड़ा हादसा हो गया। बायलर का वाल्व खोलते समय असिस्टेंट ऑपरेटर विजय यादव भीषण हादसे का शिकार हो गए और बुरी तरह झुलस गए।
हादसे के बाद मिल प्रबंधन की सुरक्षा व्यवस्था पर फिर सवाल खड़े हो गए हैं। विजय यादव बायलर का नल/वाॅल्व खोलने और बंद करने का काम कर रहे थे, तभी अचानक हुए हादसे में वे गंभीर रूप से झुलस गए।
घटना के तुरंत बाद घायल कर्मचारी को ओरिएंट पेपर मिल के प्राथमिक अस्पताल ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार दिया, लेकिन हालत नाजुक और काबू से बाहर होने के कारण उन्हें तुरंत श्री राम हास्पिटल, शहडोल रेफर कर दिया गया।
फिलहाल घायल की हालत चिंताजनक बनी हुई है। इस घटना के बाद मिल प्रबंधन की लापरवाही पर सवाल उठ रहे हैं। सवाल है कि क्या बायलर जैसे संवेदनशील विभाग में काम के दौरान कर्मचारी को आवश्यक सुरक्षा उपकरण और सेफ्टी गियर दिए गए थे?
क्या वाॅल्व संचालन के समय सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम थे? इस मामले में मिल प्रबंधन की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। उल्लेखनीय है कि ओरिएंट पेपर मिल में सुरक्षा मानकों को लेकर पहले भी सवाल उठते रहे हैं।
यह भी पढ़ें- अदालतों में कार-पूलिंग : सरकारी वाहनों के उपयोग पर अनुशासन की लगाम, वकीलों से वर्चुअल पैरवी की अपील