
नईदुनिया प्रतिनिधि,शहडाेल। मानसून की दस्तक के साथ शुक्रवार शाम मौसम ने अचानक करवट ली। तेज हवाओं के साथ हुई वर्षा के दौरान अलग-अलग थाना क्षेत्रों में आकाशीय बिजली गिरने से दो लोगों की मौत हो गई। मृतकों में एक 68 वर्षीय बुजुर्ग महिला और एक 11 वर्षीय बालिका शामिल है। दोनों घटनाओं के बाद गांवों में शोक का माहौल है।
पहली घटना जैतपुर थाना क्षेत्र के कोटरी गांव की है। पुलिस के अनुसार 68 वर्षीय फुलची बाई कोल जंगल में महुआ की डोरी बीनने गई थीं। इसी दौरान मौसम अचानक खराब हो गया और तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली गिर गई।
इसकी चपेट में आने से महिला की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई की।
दूसरी घटना जयसिंहनगर थाना क्षेत्र के गांधिया गांव में हुई। यहां तेज हवा चलने के बाद घर के सामने लगे आम के पेड़ के नीचे गिरे आम बीनने गई 11 वर्षीय प्रियांशी रैदास आकाशीय बिजली की चपेट में आ गई।
स्वजनों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन उसकी भी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद गांव में मातम पसरा है।
पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई के शनिवार को स्वजनों को सौंप दिए। प्रशासन ने वर्षा के दौरान पेड़ों के नीचे न रुकने और खुले में न जाने की अपील की है।
यह भी पढ़ें- आज शाम आसमान में होगी दुर्लभ खगोलीय घटना, जबलपुर के इन स्थानों पर दूरबीन अथवा टेलीस्कोप से देखें