
नईदुनिया प्रतिनिधि शहडोल। जिले के सोहागपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत नेशनल हाईवे-43 पर गुरुवार रात 8 बजे तेज रफ्तार कार ने सामने से आ रही मोटरसाइकिल को सीधी टक्कर मार दी। हादसे में एक युवक की मौके पर ही तड़प-तड़पकर मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल दूसरे युवक ने मेडिकल काॅलेज में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक दो युवक मोटरसाइकिल पर सवार होकर जा रहे थे। तभी धुरवार तिराहे के समीप सामने से तेज गति में आ रही कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि मोटरसाइकिल के परखच्चे उड़ गए और दोनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे।
घटना के तुरंत बाद एक युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। सूचना मिलते ही सोहागपुर पुलिस मौके पर पहुंची और लहूलुहान पड़े दूसरे युवक को तुरंत मेडिकल काॅलेज भिजवाया, लेकिन डॉक्टरों की कोशिशों के बावजूद उसे भी नहीं बचाया जा सका।
हादसे के बाद साढ़े 8 बजे मृतक के परिजनों और स्थानीय ग्रामीणों ने हाईवे पर उतरकर नारेबाजी शुरू कर दी और पूरी सड़क को ब्लाक कर दिया। अचानक हुए इस चक्काजाम से हाईवे पर दो किलोमीटर लंबा जाम लग गया, जिससे बसों और गाड़ियों में फंसे यात्रियों और ड्राइवरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
स्थिति बिगड़ती देख सोहागपुर पुलिस के साथ ट्रैफिक पुलिस प्रभारी और जवान मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों को काफी देर तक समझाया और उचित कानूनी कार्रवाई का भरोसा दिया। अधिकारियों की समझाइश के बाद लोग शांत हुए और रात 9 बजे हाईवे पर यातायात दोबारा बहाल हो सका।
पुलिस के अनुसार दोनों मृतक आसपास के ही ग्रामीण इलाकों के रहने वाले बताए जा रहे हैं। हालांकि देर तक दोनों के नामों की आधिकारिक तौर पर पुष्टि नहीं हो सकी थी। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा भर लिया है और आरोपी कार ड्राइवर के खिलाफ केस दर्ज कर घटना की बारीकी से जांच शुरू कर दी है।
यह भी पढ़ें- जबलपुर में ब्रिटिश फोर्ट फाउंडेशन स्कूल की वैन को कार ने मारी टक्कर, 17 बच्चे घायल