
नईदुनिया प्रतिनिधि, शहडोल। जिले के धनपुरी में पुलिस ने एक ऐसा शातिर चोर पकड़ा है, जो कहीं भी आने-जाने के लिए खुद को बीमार बताकर 108 एम्बुलेंस में फर्जी कॉल कर फ्री टैक्सी की तरह इस्तेमाल करता था और घूमने-फिरने के लिए बाइक चोरी कर पेट्रोल खत्म होते ही उसे वहीं छोड़कर चला जाता था। इसने बीते दिनों धनपुरी अस्पताल में पदस्थ एक एएनएम की स्कूटी इसी तरह से चोरी की थी। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
क्या है मामला
बीते 22 अप्रैल को जैतपुर थाना क्षेत्र के खामीडोल निवासी रामानंद तिवारी ने 108 एम्बुलेंस को कॉल किया और बताया कि उसका एक्सीडेंट हो गया है और वह गंभीर रूप से घायल है। वह एम्बुलेंस से धनपुरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचा और लंगड़ाते हुए अंदर प्रवेश किया ताकि किसी को शक न हो। इसके बाद वहां पदस्थ एएनएम संगीता सिंह की स्कूटी की चाबी उठाकर पलक झपकते ही स्कूटी लेकर फरार हो गया।
घटना सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई
पूरी घटना अस्पताल में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई। जब एएनएम को अपनी स्कूटी नहीं मिली, तो उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। फुटेज खंगालने पर पुलिस को लंगड़ाकर चलने वाले उस मरीज पर शक हुआ। धनपुरी पुलिस ने मुखबिरों की सूचना पर रामानंद तिवारी को घेराबंदी कर पकड़ लिया। वह चोरी की गई स्कूटी को बेचने की तैयारी में था।
इसी तरह से वाहन चोरी करता था
पूछताछ में उसने पुलिस को बताया कि वह इसी तरह से वाहन चोरी करता था और जहां वाहन का पेट्रोल खत्म हो जाता था, वहीं उसे छोड़ देता था। उसने बताया कि वह गाड़ियां सिर्फ घूमने के शौक के लिए चुराता था। धनपुरी पुलिस ने स्कूटी जब्त कर आरोपित को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
धनपुरी थाना प्रभारी खेम सिंह पेंद्रो ने बताया कि एम्बुलेंस में मरीज बनकर आए चोर ने अस्पताल से एएनएम की स्कूटी चोरी कर उसे बेचने की तैयारी की थी। उसके खिलाफ कई मामले दर्ज हैं।
यह भी पढ़ें- मौत बनकर दौड़ी वीडियो कोच बस, ग्वालियर में टायर फटने के बाद लगी आग; पुलिस ने कांच तोड़कर बचाई 16 जिंदगियां