
नईदुनिया प्रतिनिधि, शहडोल। इंदिरा चौक से न्यू बस स्टैंड तक चल रहे सड़क चौड़ीकरण अभियान के दौरान शुक्रवार को बड़ा हादसा हो गया। बुलडोजर कार्रवाई के बीच अचानक एक मकान का हिस्सा ढह गया, जिससे उसका मलबा सीताराम गुप्ता (45) के ऊपर गिर गया। गंभीर रूप से घायल सीताराम को तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां नाजुक हालत के चलते उन्हें आईसीयू में भर्ती किया गया है। डॉक्टरों की टीम उनकी लगातार निगरानी कर रही है।
हादसे के बाद जेसीबी पर पथराव
घटना के बाद मौके पर मौजूद परिजनों और स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित भीड़ ने कार्रवाई में लगी नगर पालिका की जेसीबी पर पथराव कर दिया, जिससे वाहन का शीशा और अन्य हिस्से क्षतिग्रस्त हो गए। अफरा-तफरी के बीच कर्मचारी जान बचाकर मौके से भाग निकले। सूचना मिलते ही पुलिस बल पहुंचा और स्थिति को नियंत्रित किया।
सड़क चौड़ीकरण के तहत चल रही थी कार्रवाई
जिला प्रशासन के निर्देश पर नगर पालिका की टीम इंदिरा चौक से न्यू बस स्टैंड, बलपुरवा और दीनदयाल चौक तक अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई कर रही है। व्यापारियों के विरोध के बाद सड़क की प्रस्तावित चौड़ाई 18 मीटर से घटाकर 17 मीटर कर दी गई थी। प्रशासन का दावा है कि सड़क चौड़ीकरण से जाम और दुर्घटनाओं में कमी आएगी। शुक्रवार सुबह से जेसीबी की मदद से चिन्हित दुकानों के चबूतरे, शेड और टिनशेड हटाए जा रहे थे।
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि बिना पर्याप्त सावधानी बरते जेसीबी चलाई जा रही थी। आसपास मौजूद लोगों को हटाए बिना मकान का हिस्सा तोड़ा गया, जिससे यह हादसा हुआ। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया और पुलिस बल तैनात कर दिया गया।
प्रशासन और पुलिस का पक्ष
सीएमओ निशांत सिंह ठाकुर ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है। घायल के उपचार की पूरी व्यवस्था की गई है। उन्होंने कहा कि अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई नियमानुसार की जा रही थी। वहीं पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जेसीबी पर पथराव करने वालों की पहचान की जा रही है। सरकारी कार्य में बाधा डालने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात है।