
नईदुनिया प्रतिनिधि शहडोल। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रमुख डॉ मोहन भागवत 20 मई को शहडोल आ रहे हैं । वह यहां आरएसएस के कार्यकर्ता विकास वर्ग द्वितीय वर्ष में स्वयंसेवकों का मार्गदर्शन करेंगे । डॉ. मोहन भागवत के आगमन को लेकर सुरक्षा एजेंसियां चौकन्ना हो गई हैं।
सीआईएसएफ के तकरीबन 15 से 20 अधिकारी यहां पहुंच चुके हैं और कार्यक्रम स्थल यानी वर्ग जहां चल रहा है, वहां उन्होंने कमान संभाल ली है ।
शहडोल जिला मुख्यालय के पांडव नगर स्थित सरस्वती स्कूल परिसर में यह वर्ग चल रहा है जिसकी शुरुआत 19 मई की सुबह हो चुकी है। अखिल भारतीय सह बौद्धिक प्रमुख ने इस वर्ग का उद्घाटन किया है और अब 20 मई को संघ के सरसंघ चालक डॉ भागवत शहडोल पहुंच रहे हैं ।
उनकी सुरक्षा जेड प्लस श्रेणी की रहती है, जिसके कारण यहां सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए जा रहे हैं। जहां सीआईएसएफ के विशेष अधिकारी शहडोल पहुंच चुके हैं तो वहीं जिले से बाहर के तकरीबन 250 पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी सुरक्षा में तैनात किए जा रहे हैं।
पुलिस अधीक्षक राम जी श्रीवास्तव से इस संबंध में बात की गई तो उनका कहना है कि संघ प्रमुख डॉ मोहन भागवत को केंद्र सरकार की ओर से जेड प्लस श्रेणी की सुरक्षा दी गई है , जिसके चलते विशेष इंतजाम किए गए हैं।
15 से 18 सीआईएसएफ के अधिकारी तथा तकरीबन 250 पुलिस अधिकारी और कर्मचारी जो कि बाहर से आ रहे हैं, उनको यहां तैनात किया गया है। एसपी ने बताया कि जहां वर्ग का आयोजन चल रहा है उस स्थल को विशेष सुरक्षा घेरे में ले लिया गया है । डॉ भागवत 20 मई की सुबह शहडोल पहुंच रहे हैं।

डॉ मोहन भागवत की सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस टीम ने आज सुबह 11:45 बजे पांडव नगर स्थित सरस्वती स्कूल जहां पर संघ का वर्ग चल रहा है वहां की छानबीन की। सुरक्षा व्यवस्था के तहत पूरे परिसर को गहन निरीक्षण किया गया। कोतवाली टीआई राघवेंद्र तिवारी सहित पांच सदस्य टीम दल ने यहां की छानबीन की।
यह भी पढ़ें- जबलपुर बरगी बांध हादसा, जांच से पहले ही ‘क्रूज’ के टुकड़ों को लावारिस छोड़ा, एकल जांच आयोग के सामने बड़ी चुनौती