
नईदुनिया प्रतिनिधि, शहडोल। गूगल पर अस्पताल का नंबर सर्च करना गोहपारू के एक सरकारी शिक्षक को भारी पड़ गया। साइबर ठगों ने अपॉइंटमेंट बुक करने के नाम पर व्हाट्सऐप पर एपीके फाइल भेजकर मोबाइल हैक कर लिया और खाते से 4 लाख 72 हजार 600 रुपये उड़ा दिए।
पुलिस के अनुसार पीड़ित रामनिवास जायसवाल गोहपारू थाना क्षेत्र के शासकीय स्कूल में शिक्षक हैं। तबीयत खराब होने और चक्कर आने की शिकायत पर उन्होंने नागपुर के एक निजी अस्पताल में डाॅक्टर को दिखाने का फैसला किया।
गूगल पर अस्पताल का नंबर सर्च कर उन्होंने मिले नंबर पर काॅल किया। दूसरी तरफ से बात करने वाले ने अपाइंटमेंट बुक होने की बात कही और व्हाट्सएप पर एक एपीके फाइल भेज दी।
शिक्षक ने जैसे ही फाइल डाउनलोड की, फोन ठगों के नियंत्रण में चला गया। 24 घंटे के भीतर ठगों ने 21 अलग-अलग ट्रांजैक्शन कर खाते की लगभग पूरी रकम निकाल ली। पैसे कटने का पता चलने पर शिक्षक ने बेटे को जानकारी दी।
बेटे ने तत्काल बैंक से संपर्क कर खाता फ्रीज कराया और साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद गोहपारू थाने में शिकायत दर्ज कराई।
थाना प्रभारी जयप्रकाश शर्मा ने बताया कि अज्ञात आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
यह भी पढ़ें- हाई कोर्ट से बड़ी राहत, 300 दिन के अर्जित अवकाश पर 90 दिन में निर्णय लेने का निर्देश