
नईदुनिया प्रतिनिधि, शहडोल। लगातार हो रही बरसात से बाणसागर बांध खतरे के निशान तक पहुंच गया है और रविवार की दोपहर 12:00 बजे बांध के छह गेट दो-दो मीटर खोले जा रहे हैं इस बात की सूचना कार्य पालन यंत्री एसके शर्मा ने दी है।
उन्होंने बताया कि 30 अगस्त को सुबह 6:00 बजे की स्थिति में बाणसागर बांध का जल स्तर 341.58 मीटर पहुँच चुका हैं| बाणसागर जलाशय मे जल की वर्तमान आवक एवं कैचमेंट में वर्षा होने के कारण बांध का निर्धारित जल स्तर बनाए रखने हेतु दोपहर 12 बजे 6 रेडियल गेट 2-2 मीटर खोलकर 2454.00 क्यूमेक्स एवं आवश्यकता अनुसार इससे ज्यादा जल प्रवाह स्पिल ओवर के माध्यम से सोन नदी में छोड़ा जाएगा।
समस्त मैदानी अमले को अलर्ट रहते हुए एवं बाणसागर बांध के डाउनस्ट्रीम में निवासरत लोंगो से सोन नदी के दोनों किनारों से दूर रहने हेतु आवश्यक अलर्ट जारी कराने हेतु कहा गया है।

उल्लेखनीय है कि बीते 24 घंटे में जिले में 44 मिली मीटर औसत बरसात दर्ज की गई है जबकि अब तक जिले की औसत वर्षा 946 मिलीमीटर दर्ज की गई है । पिछले साल इस अवधि में 900 मिलीमीटर औसत बरसात हुई थी इस हिसाब से देखा जाए तो पिछले साल की तुलना में अब तक अच्छी बरसात जिले में हो चुकी है। शनिवार रविवार की दरमियानी रात जमकर बरसात हुई है जिसका असर साफ देखा जा रहा है । रविवार की सुबह भी बरसात का दौर जारी बना हुआ है।