
नईदुनिया प्रतिनिधि, शहडोल। जिले के सोहागपुर विकासखंड के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय भुईबांध का एक कथित वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के बाद शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया है। वीडियो में विद्यालय के पूर्व प्राचार्य बृजेशधर द्विवेदी कार्यालय के भीतर कुछ अन्य लोगों के साथ शराब पीते नजर आ रहे हैं। विभागीय अधिकारियों ने वीडियो को पुराना बताया है, लेकिन मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच के आदेश दे दिए गए हैं।
प्रसारित वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय लोगों और अभिभावकों में नाराजगी है। लोगों का कहना है कि जिस स्थान को शिक्षा का मंदिर माना जाता है, वहां शिक्षक और अधिकारी ही ऐसी गतिविधियों में लिप्त दिखें तो समाज और विद्यार्थियों पर बेहद गलत असर पड़ेगा।
राज्य सरकार एक ओर नशा मुक्ति अभियान चला रही है, वहीं सरकारी स्कूल परिसर में इस तरह का वीडियो सामने आने से अभियान की साख पर भी सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय लोगों का दावा है कि पूर्व प्राचार्य बृजेशधर द्विवेदी के खिलाफ पहले भी कई मामलों में जिला प्रशासन और उच्च अधिकारियों से शिकायत की जा चुकी है। इनमें से कई शिकायतें अब भी लंबित बताई जा रही हैं।
संभागीय उपायुक्त जेपी यादव ने बताया कि वीडियो की जानकारी मिलते ही संबंधित अधिकारियों को पत्र जारी कर जांच के निर्देश दिए गए हैं। प्रारंभिक जानकारी में वीडियो कुछ माह पुराना बताया जा रहा है।
यह भी पढ़ें- उज्जैन में दूसरे पति के साथ लौटी महिला से बर्बरता: बाल काटे, कपड़े फाड़े, जूतों की माला पहनाकर गांव में घुमाया
जांच में यह पता लगाया जाएगा कि वीडियो कब का है, इसमें कौन-कौन लोग शामिल हैं और घटना के समय उनकी क्या भूमिका थी। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जांच रिपोर्ट मिलने के बाद यदि किसी कर्मचारी या अधिकारी की संलिप्तता पाई जाती है तो नियमानुसार सख्त विभागीय कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल शिक्षा विभाग पूरे मामले की तथ्यात्मक जांच में जुटा है।