
नवदुनिया प्रतिनिधि, मंडी (शाजापुर)। गुटखा-पाउच मंगाने की बात को लेकर किशोर द्वारा दस वर्षीय बालक की गला काटकर हत्या कर दी गई। गुस्साए स्वजन ने रास्ता जाम कर प्रदर्शन किया। घटना क्षेत्र के ग्राम नांदनी की है।
गुरुवार शाम विद्युत मंडल के खेल मैदान में खेलने के बाद प्रियांश मेवाड़ा के घर नहीं पहुंचने पर स्वजन ने पहले उसे अपने स्तर पर ढूंढा। नहीं मिलने पर रात में थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने केस दर्ज कर रात में गांव एवं अन्य जगहों पर बालक को तलाशा किंतु देर रात तक कुछ पता नहीं चला।
शुक्रवार सुबह से फिर तलाश शुरू की गई। इस दौरान गांव के खंडहरनुमा एमपीईबी के भवन के पिछले हिस्से में स्थित बाथरूम में प्रियांश का रक्त रंजित अवस्था में शव मिला। बालक शव मिलने की सूचना मिलते ही क्षेत्र में सनसनी फैल गई। लोग तरह-तरह के कयास लगाने लगे। सोशल मीडिया पर भी लोगों ने पोस्ट कर वारदात को लेकर आक्रोश जाहिर किया।
आखिरी बार उसे एक किशोर के साथ देखा गया था। शव मिलने के बाद पुलिस ने उस नाबालिग को पकड़ा और जानकारी ली तो उसने सारी बात पुलिस को बता दी। सीसीटीवी कैमरे में मिले वीडियो भी काम आए।
हत्या करने वाले किशोर ने प्रियांश से गुटखा पाउच मंगाया था। प्रियांश ने पाउच तो ला दिया, किंतु फिर कभी नहीं लाकर देने की बात कही और बोला कि आगे से कभी ऐसी चीज मत मंगाना। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। इस पर प्रियांश मेवाड़ा डरकर एमपीईबी के खंडहरनुमा भवन की ओर भाग गया। किशोर ने उसका पीछा किया और प्रियांश का चाकू से गला काटकर हत्या कर दी।