
नईदुनिया प्रतिनिधि, नलखेड़ा। नगर में शादी समारोह के बाद बचे भोजन को खुले में फेंकना गोवंश के लिए जानलेवा साबित हुआ। बताया जा रहा है कि यह भोजन खाने से पांच गायों की मौत हो गई, जबकि 16 अन्य गोवंश बीमार हो गए। घटना के बाद आक्रोशित हिंदू संगठनों ने जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग को लेकर शिवाजी चौराहे पर धरना दिया और नलखेड़ा थाने में शिकायत की।
जानकारी के अनुसार, नगर निवासी अयान पुत्र अली हुसैन लखेरा के यहां शादी समारोह आयोजित किया गया था। समारोह में मेहमानों के लिए शाकाहारी और मांसाहारी भोजन तैयार किया गया था। आरोप है कि कार्यक्रम समाप्त होने के बाद बचे भोजन का उचित निस्तारण करने के बजाय उसे खुले स्थान पर फेंक दिया गया। इसे खाने के बाद गोवंश की तबीयत बिगड़ने लगी। गायों की हालत खराब होते देख स्थानीय लोगों ने पशु चिकित्सकों को सूचना दी।
डॉ. संदीप नागर के नेतृत्व में पशु चिकित्सा टीम मौके पर पहुंची और बीमार गोवंश का उपचार शुरू किया। उपचार के दौरान पांच गायों की मौत हो गई, जबकि 16 अन्य की हालत नाजुक बताई जा रही है। धरना-प्रदर्शन और शिकायत के बाद पुलिस ने अली हुसैन के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें- रायसेन में मिले 6.5 करोड़ साल पुराने जीवाश्म का खुलेगा राज, पुरातत्व विभाग ने गठित की विशेषज्ञों की टीम
घटना की जानकारी मिलने पर हिंदू संगठनों के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने शिवाजी चौराहे पर धरना दिया। उन्होंने घटना के जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। संगठनों का कहना है कि भोजन के अवशेष खुले में फेंकने से गोवंश की जान पर बन आई और इस लापरवाही के लिए जिम्मेदारी तय होनी चाहिए।