मक्सी टोल प्लाजा पर बजरंग दल, विहिप कार्यकर्ताओं का हंगामा, तोड़फोड़
Shajapur news: जिला मुख्यालय से करीब 20 किमी दूर उज्जैन जिले के तराना थाना क्षेत्र में स्थित मक्सी रोजवास टोल प्लाजा पर सोमवार शाम बजरंग दल और विश्व ह ...और पढ़ें
Publish Date: Tue, 17 Feb 2026 11:28:39 AM (IST)Updated Date: Tue, 17 Feb 2026 11:29:55 AM (IST)
मक्सी टोल प्लाजा पर बजरंग दल, विहिप कार्यकर्ताओं का हंगामा, तोड़फोड़HighLights
- आपसी चर्चा चल रही है, शिकायत नहीं मिली
- आवागमन के लिये सभी लाइन चालू रखी जाए
- तोड़फोड़, हंगामे के बीच निकलते रहे वाहन
नईदुनिया प्रतिनिधि, शाजापुर। जिला मुख्यालय से करीब 20 किमी दूर उज्जैन जिले के तराना थाना क्षेत्र में स्थित मक्सी रोजवास टोल प्लाजा पर सोमवार शाम बजरंग दल और विश्व हिंदू परिषद कार्यकर्ता व पदाधिकारियों ने विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान टोल प्लाजा पर तोड़फोड़ भी की गई।
पूरा घटनाक्रम टोल प्लाजा पर लगे सीसीटीवी में रिकॉर्ड हुआ है। हंगामे और तोड़फोड़ की जानकारी लगने पर तराना थाना पुलिस पहुंची और स्थिति को संभाला। रात तक कोई कानूनी कार्रवाई नहीं हुई।
आपसी चर्चा चल रही है, शिकायत नहीं मिली
तराना क्षेत्र एसडीओपी भविष्य भास्कर ने बताया कि दोनों पक्षों में आपसी चर्चा चल रही है, शिकायत नहीं मिली है। वहीं, टोल प्लाजा प्रबंधन के अजिताभ झा ने बताया कि विवाद की सूचना वे प्लाजा पर पहुंचे हैं। स्टाफ से स्थिति की जानकारी लेने, सीसीटीवी आदि देखने के बाद वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराकर वहां से मिले मार्गदर्शन अनुसार कार्रवाई की जाएगी।
'टोल प्लाजा कर्मचारियों का व्यवहार ठीक नहीं'
इधर, विश्व हिंदू परिषद के विभाग मंत्री राजेश जादम ने बताया कि टोल प्लाजा कर्मचारियों का व्यवहार ठीक नहीं है। सोमवार को मक्सी से शाजापुर आ रही दुर्गावाहिनी कार्यकर्ताओं के वाहन को टोल प्लाजा से निकलने में काफी समय लगा। इसे लेकर कहासुनी हुई तो टोल प्लाजा कर्मचारियों ने अभद्रता की।
आवागमन के लिये सभी लाइन चालू रखी जाए
इसी को लेकर शाम को हमारे द्वारा कार्यकर्ताओं के साथ टोल प्लाजा पर विरोध प्रदर्शन किया गया। हमारी मांग है प्लाजा पर आवागमन के लिये सभी लाइन चालू रखी जाए, यहां सिर्फ दो लाइन ही चालू रहती हैं, जिससे वाहन निकलने में समय लगता है। साथ ही टोल प्लाजा के कर्मचारियों का व्यवहार उचित नहीं है। इसे सुधारा जाए।