
नईदुनिया प्रतिनिधि, आगर-मालवा। आगर-मालवा जिले के नलखेड़ा स्थित प्रसिद्ध मां बगलामुखी मंदिर के पास बीती रात मूसलधार बारिश के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया। तेज बारिश के बीच पानी के तेज बहाव में एक कार नाले में बह गई। हादसे में कार सवार 3 बच्चों, 3 पुरुषों और 2 महिलाओं सहित कुल 8 लोगों की मौत होने की जानकारी सामने आई है।
बताया जा रहा है कि बीती रात क्षेत्र में तेज बारिश हो रही थी। इसी दौरान श्रद्धालुओं से भरी कार नाले में पानी के तेज बहाव की चपेट में आ गई और बह गई। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और प्रशासन मौके पर पहुंचा। पुलिस ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू करते हुए कार और शवों को नाले से बाहर निकाला गया। फिलहाल पुलिस घटना की परिस्थितियों और हादसे के कारणों की जांच में जुटी है।

देर रात घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। सुबह स्थानीय लोगों की मदद से रस्सी से खींचकर कार को नाले के किनारे पर लाया गया। इसके बाद उसमें सवार लोगों के शव बाहर निकाले गए।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक सभी ओडिशा से उज्जैन दर्शन करने पहुंचे थे। इसके बाद सभी नलखेड़ा में मां बगलामुखी मंदिर में दर्शन करने आए थे। घटना स्थल पर बड़ी संख्या में भीड़ जमा हो गई है। बताया जा रहा है कि कार देर रात को नाले में गिरी थी। हादसे के वक्त नाले में पानी उफान पर था। इस वजह से किसी को बाहर निकलने का मौका ही नहीं मिला।

मां बगलामुखी मंदिर के पास नाले में श्रद्धालुओं से भरी कार बहने की घटना के बाद प्रशासन में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही कलेक्टर और एसपी सहित पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और रेस्क्यू अभियान का जायजा लिया। हादसे में 8 श्रद्धालुओं की मौत के बाद मौके पर मौजूद लोगों में आक्रोश देखने को मिला।
लोगों ने प्रशासन की व्यवस्थाओं को लेकर सवाल उठाते हुए मौके पर नारेबाजी की और घटना की जांच व जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग की। अधिकारियों ने मौके की स्थिति का जायजा लेकर राहत एवं बचाव कार्य तथा आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
नलखेड़ा बगलामुखी मंदिर के पास नाले में कर डूबने से आठ लोगों की मौत से लोगों में आक्रोश। स्थानीय लोगों का कहना है कि मंदिर के आसपास कुछ लोगों द्वारा प्राइवेट हवन कुंड चलाए जा रहे हैं। इनके कारण अव्यवस्था होती है, इसे लेकर लोगों ने हंगामा किया प्राइवेट हवन बंद करने की मांग की। आक्रोशित लोगों पर नियंत्रण करने के लिए पुलिस को हल्का बल प्रयोग करना पड़ा और लाठियां फटकारी। मौके पर हंगामा होता रहा।
नाले में कार गिरने से आठ लोगों की मौत हो गई इस हादसे से लोगों में खासा आक्रोश है विरोध स्वरूप नगर बंद का आह्वान किया गया है इसके लिए नगर में अनाउंसमेंट के माध्यम से बंद का ऐलान कराया जा रहा है।