रोड शो कर किसानों से संवाद करने शाजापुर पहुंचे सीएम, कांग्रेसियों को कालापीपल जाने से पुलिस ने रोका
जिले के कालापीपल में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने किसानों से संवाद किया। इसके पूर्व वे रोड शो करते हुए कार्यक्रम स्थल तक पहुंचे। कृषि उपज मंडी में किस...और पढ़ें
Publish Date: Thu, 09 Jul 2026 01:34:56 PM (IST)Updated Date: Thu, 09 Jul 2026 01:34:56 PM (IST)
कालापीपल में रोड शो करते मुख्यमंत्री। (नईदुनिया प्रतिनिधि)HighLights
- कृषि उपज मंडी में किसानों से संवाद कर एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत पौधारोपण किया
- मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर कालापीपल में सुरक्षा व्यवस्था के तगड़े इंतजाम किए गए
- कालापीपल की ओर जा रहे कांग्रेस नेता और कार्यकर्ताओं को पुलिस ने जेठड़ा जोड़ पर रोक लिया
नईदुनिया प्रतिनिधि, शाजापुर। जिले के कालापीपल में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने किसानों से संवाद किया। इसके पूर्व वे रोड शो करते हुए कार्यक्रम स्थल तक पहुंचे। कृषि उपज मंडी में किसानों से संवाद कर एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत पौधारोपण किया। आयोजन में शामिल होने के लिए मुख्यमंत्री 12:10 पर कालापीपल पहुंचे और हेलीपैड पर जनप्रतिनिधि व प्रशासनिक अधिकारियों ने उनका पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया।
इधर मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर कालापीपल में सुरक्षा व्यवस्था के तगड़े इंतजाम किए गए। जगह-जगह पुलिस बल तैनात रहा। कालापीपल की ओर जा रहे कांग्रेस नेता और कार्यकर्ताओं को पुलिस ने जेठड़ा जोड़ पर रोक लिया है। जिस पर कांग्रेस नेताओं द्वारा इंटरनेट मीडिया पर तीखी प्रतिक्रिया दी जा रही है। पूर्व विधायक एवं कांग्रेस प्रदेश पदाधिकारी कुणाल चौधरी ने कालापीपल आ रहे मुख्यमंत्री से कुछ सवाल पूछे हैं और उन्होंने भी इंटरनेट पर पोस्ट किया है।
पेट्रोल पंप पंचमुखी चौराहे से कार्यक्रम स्थल मंडी तक रोड शो
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव नौ जुलाई को सुबह करीब 11 बजे कालापीपल आए। रोड शो के रुप में कार्यक्रम स्थल कृषि उपज मंडी प्रांगण पहुंचे। एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत पौधारोपण कर किसानों से संवाद किया। विद्यार्थियों से भी मुलाकात करी। कार्यक्रम स्थल मंडी परिसर के टीन शेड में लोगों को बैठने के लिए करीब पांच से सात हजार कुर्सियां लगाई गई हैं। वर्षा होने की आशंका के बीच यहां कार्यक्रम की व्यवस्था की गई। कार्यक्रम में किसी तरह की अव्यवस्था नही हो, इसका विशेष ध्यान रखा गया। कार्यक्रम को लेकर बुधवार को भी यहां हलचल रही, अधिकारियों के साथ ही जनप्रतिनिधि भी सक्रिय रहे और भीड़ जुटाने की कवायद की गई।
रोड किनारे से हटाया अतिक्रमण
सीएम के रोड शो के लिए मार्ग व्यवस्था की गई जिसके लिए पंचमुखी हनुमान चौराहा के आसपास दुकानदारों द्वारा सडक किनारे रखे सामान को हटवाया गया। मुख्यमंत्री के नगर आगमन को लेकर यातायात व्यवस्था में भी परिवर्तन किया गया है। कालापीपल मंडी चौराहा से पानखेडी चौराहा तक मुख्य सडक पर सामान्य यातायात पूर्णतः प्रतिबंधित किया गया। शुजालपुर-आष्टा से कालापीपल आने वाले भारी वाहनों को यातायात व्यवस्थानुसार प्रवेश प्रतिबंधित रहा। इसी प्रकार कुरावर मार्ग से आनेवाले सभी वाहनों को तहसील चौहारा से पानखेडी चौराहा होते हुए शुजालपुर भीलखेडी की और डायवर्ट किया गया।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव के कालापीपल आगमन को लेकर कांग्रेस भी सक्रिय हो गई। दरअसल कांग्रेस प्रदेश संगठन द्वारा सभी जिला अध्यक्षों को निर्देश दिए हैं कि जहां भी मुख्यमंत्री का कार्यक्रम हो वहां कांग्रेस किसानों के मुद्दे, नीट परीक्षा पेपर लीक सहित अन्य मामलों को लेकर आवाज उठाएं और मुख्यमंत्री से इन मुद्दों को लेकर प्रश्न पूछे। इसे लेकर शाजापुर जिला कांग्रेस अध्यक्ष नरेश्वर प्रताप सिंह ने कालापीपल में मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर रणनीति तैयार की थी।
उल्लेखनीय है कि मई माह में जिले के शुजालपुर में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी पर तीखा हमला बोला था। पटवारी द्वारा उन्हें ‘मोहन लाल अभिनंदन यादव’ कहे जाने पर पलटवार करते हुए सीएम ने कहा था कि हां, हम तो अभिनंदन लाल हैं, तुम टपोरी लाल हो। सीएम ने पटवारी को ''ढपोरशंख'' और ''दो कौड़ी का प्रदेश अध्यक्ष भी कहा था। इसके बाद जिले में कांग्रेसियों ने विरोध प्रदर्शन भी किया था और राजनीति गर्मा गई थी।
सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए
मुख्यमंत्री डा. मोहन यादव के कार्यक्रम में सुरक्षा व कानून व्यवस्था को लेकर पुख्ता तैयारी की गई हैं। कार्यक्रम स्थल पर पुलिस बल को ड्यूटी संबंधी दिशा निर्देश दिए गए हैं। मुख्यमंत्री के आगमन को देखते हुए सुरक्षा के चाक चौबंद इंतजाम किए गए हैं।
- प्रियंका शुक्ला, एसपी शाजापुर