
नईदुनिया प्रतिनिधि, आगर-मालवा: मध्य प्रदेश के आगर-मालवा जिले के बड़ौद कस्बे में बजरंग दल के प्रखंड संयोजक शंकर सिंह राजपूत से कुछ मुस्लिम युवकों का मामूली बात पर विवाद हो गया। इसके बाद मुस्लिम युवकों ने कुछ दुकानों में तोड़फोड़ कर दी। इससे नाराज लोगों ने बाजार बंद कर थाना घेर लिया।
तनाव बढ़ता देख आसपास के थानों की फोर्स भी बुलाई गई। पुलिस ने इस मामले में सात लोगों के विरुद्ध नामजद अभियोग दर्ज कर पांच लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने गिरफ्तार युवकों का जुलूस भी निकाला है।
बड़ौद थाना पुलिस ने इस मामले में अरबाज खान, फरीद खान, अजहर खान, ताहिर खान, सलाम खान, राजा खां, फिरोज खान के खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया है। एएसपी रविंद्र कुमार बोयट ने बताया कि दो आरोपित राजा खां और फिरोज को छोड़कर पांच आरोपी गिरफ्तार कर लिए गए हैं। क्षेत्र में पूरी तरह शांति है, पुलिस बल तैनात है और स्थिति पर नजर रखी जा रही है।
जानकारी के अनुसार, नगर के चुड़ी बाजार में बजरंगदल पदाधिकारी की दुकान पर मामूली विवाद ने बड़ा रुप ले लिया। यहां वर्ग विशेष के लोगों ने दुकान में तोड़फोड़ कर दी। जिससे गुस्साए लोगों ने थाने का घेराव किया और विवाद, तोड़फोड़ करने वाले आरोपितों की गिरफ्तारी और घर तोड़ने की मांग को लेकर बाजार बंद करा दिये।
विवाद की सूचना पर आसपास के थानों का पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थिति पर नियंत्रण किया। सोमवार को शाम तक पांच आरोपितों को गिरफ्तार कर उनका जुलूस निकाला गया। जुलूस निकलने के बाद कुछ लोगों ने मुल्तानी मौहल्ले में धार्मिक स्थल और वाहनों पर पथराव किया। यहां भी पुलिस ने मोर्चा संभाला और पथराव कर रहे लोगों को खदेड़ा। फिलहाल नगर में पुलिस बल तैनात है और स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है।
मामले में पुलिस ने बजरंग दल पदाधिकारी की शिकायत पर सात लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। दूसरे पक्ष ने भी लिखित शिकायत की है जिसकी जांच पुलिस कर रही है। गिरफ्तार किये गए आरोपितों को न्यायालय में पेश किया गया। वहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
स्थिति नियंत्रण में होने के बाद सोमवार शाम को एसडीएम मिलिंद ढोके, एसडीओपी मोतीलाल कुशवाह, तहसीलदार भंवरसिंह चौहान के नेतुत्व में नगर के प्रमुख मार्ग हाटपुरा बाजार से गांधी चौक तक पुलिस ने फ्लैगमार्च किया। इसके बाद बाजार में दुकाने खुली। हालांकि विवाद के दौरान जमकर अफरा-तफरी मची और दहशत का माहौल रहा। अभी भी नगर में बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात है और लगातार गश्त की जा रही है।
यह भी पढ़ें- पति के जिंदा होने के बावजूद विधवा पेंशन ले रही पत्नी, साहब मैं जिंदा हूं..तख्ती लगाकर चक्कर काट रहा शख्स
पुलिस को की गई शिकायत के अनुसार शंकर सिंह राजपूत मोटरसाइकिल पर सवार होकर निकला तभी एक दुकान पर अजहर, फरिद, सलाम, अरबाज, ताहिर, राजा और फिरोज ने शंकर के साथ गाली गलौज की इस पर दोनों पक्षों में विवाद हो गया। इसी दौरान विजय जायसवाल की दुकान पर आरोपियों ने लकड़ी, डंडों से तोड़फोड़ की गई। शिकायत में आरोपियों द्वारा लूटपाट किये जाने का भी उल्लेख है।
मामले में तत्काल कार्रवाई की गई। पांच आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। दो की तलाश की जा रही है। क्षेत्र में पूरी तरह शांति है, पुलिस बल तैनात है और स्थिति पर नजर रखी जा रही है।
- रविंद्र कुमार बोयट, एएसपी आगर मालवा