
नईदुनिया न्यूज, आगर मालवा : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रविवार को परेड ग्राउंड में आयोजित समारोह में प्रदेश की एक करोड़ 25 लाख 10 हजार 150 पात्र महिलाओं के बैंक खातों में 1,835 करोड़ नौ लाख 22 हजार 450 रुपये की मासिक आर्थिक सहायता अंतरित की।
इस दौरान उन्होंने 225.95 करोड़ रुपये लागत के 33 विकास कार्यों का भूमिपूजन और 28.14 करोड़ रुपये लागत के 17 विकास कार्यों का लोकार्पण किया। समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की लाड़ली बहनें अब लाभ लेने वाली नहीं, बल्कि लाभ कमाने वाली बन रही हैं। नारी सशक्तीकरण केवल नारों से नहीं हो सकता। इसके लिए प्रदेश सरकार दृढ़ संकल्पित होकर कार्य कर रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि देश में मध्य प्रदेश पहला राज्य है, जहां 17 सितंबर से स्वामित्व योजना के तहत 50 लाख भू-अधिकार पट्टाधारियों की निश्शुल्क रजिस्ट्री करवाई जा रही है। इससे उन्हें पट्टे की जमीन का मालिकाना हक मिल सकेगा। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में सुगम परिवहन के लिए गांव-गांव और पंचायतों में बसें शुरू की गई हैं। वर्ष 2030 तक प्रदेश में 15 हजार और बसें चलाई जाएंगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आगर में आलू आधारित करीब 4,000 करोड़ रुपये के उद्योग की दिशा में काम किया जाएगा। आने वाले समय में जिले में 300 से अधिक उद्योग स्थापित किए जाएंगे। इससे युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। उन्होंने बाबा बैजनाथ महादेव मंदिर और नलखेड़ा स्थित मां बगलामुखी मंदिर के विकास पर भी विशेष ध्यान देने की बात कही।
मुख्यमंत्री ने कहा कि धार्मिक स्थलों के विकास और सुविधाओं के विस्तार से प्रदेश में पर्यटकों और श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ रही है। उज्जैन में वर्ष 2022-23 में जहां 70 लाख श्रद्धालु आए थे, वहीं इस वर्ष यह संख्या बढ़कर आठ करोड़ हो गई है। प्रदेश में इस वर्ष 20 करोड़ से अधिक पर्यटक और श्रद्धालु पहुंचे हैं।
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से 17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन पर अपने-अपने घरों में दीप जलाकर दीपावली मनाने का आह्वान किया।
यह भी पढ़ें- Ladli Behna Yojana: खत्म हुआ 1.25 करोड़ बहनों का इंतजार, जारी हुई 40वीं किस्त, खाते में आए 1,500 रुपये