शाजापुर: उज्जैन जिले के रोजवास स्थित टोल प्लाजा पर कांग्रेसियों ने विरोध प्रदर्शन करते हुए लगाया जाम
समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीदी में हो रही देरी और किसानों की समस्याओं को लेकर गुरुवार को जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा रोजवास टोल प्लाजा पर चक्का जाम कर आंद ...और पढ़ें
Publish Date: Thu, 07 May 2026 02:30:39 PM (IST)Updated Date: Thu, 07 May 2026 02:47:50 PM (IST)
रोजवास टोल प्लाजा पर जाम लगाते कांग्रेसी। (नईदुनिया प्रतिनिधि)HighLights
- कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी समेत पार्टी के अन्य पदाधिकारी रहे मौजूद
- रोजवास टोल पर कांग्रेस का चक्का जाम, किसानों के मुद्दे पर सियासी संग्राम तेज
- जाम के बीच भाजपा विधायक अरुण भीमावद पहुंचे, यात्रियों को पिलाया पानी
नईदुनिया प्रतिनिधि, शाजापुर। उज्जैन जिले के अंतर्गत आने वाले रोजवास टोल प्लाजा पर किसानों की समस्याओं को लेकर कांग्रेस का चक्काजाम प्रदर्शन प्रारंभ हो गया है। प्रदर्शन में कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी, तराना विधायक महेश परमार, प्रदेश पदाधिकारी सहित कई पूर्व विधायक, शाजापुर, राजगढ़, उज्जैन, देवास जिलों के कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी इस प्रदर्शन में शामिल है। रोजवास टोल प्लाजा पर बड़ी संख्या में कांग्रेसी मौजूद है।
समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीदी में हो रही देरी और किसानों की समस्याओं को लेकर गुरुवार को जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा रोजवास टोल प्लाजा पर जोरदार चक्का जाम आंदोलन किया गया। आंदोलन के चलते आगरा-मुंबई राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात पूरी तरह थम गया और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
यह आंदोलन तराना विधायक महेश परमार के नेतृत्व में हुआ, जिसमें मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी मुख्य रूप से शामिल हुए। आंदोलन में पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा, पूर्व सांसद मीनाक्षी नटराजन, कांग्रेस जिला अध्यक्ष नरवेश्वर प्रताप सिंह सहित शाजापुर, उज्जैन और देवास जिलों के बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
गेहूं खरीदी की धीमी रफ्तार पर जताया आक्रोश
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीदी की रफ्तार बेहद धीमी है। किसानों को कई-कई दिनों तक केंद्रों पर इंतजार करना पड़ रहा है, वहीं तौल, बारदाना और भुगतान जैसी समस्याओं से किसान जूझ रहे हैं। नेताओं ने सरकार को किसान विरोधी बताते हुए चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन और उग्र होगा।
भाजपा विधायक ने जाम में फंसे यात्रियों को पिलाया पानी
चक्का जाम के दौरान सियासी तस्वीर उस वक्त बदलती नजर आई, जब शाजापुर भाजपा विधायक अरुण भीमावद रोजवास टोल प्लाजा पर पहुंचे। जाम में फंसे यात्रियों की परेशानी को देखते हुए उन्होंने खुद मोर्चा संभाला और लोगों को पानी पिलाकर राहत देने का प्रयास किया। इस घटनाक्रम ने मौके पर मौजूद लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया और सियासत भी गरमा गई।
पूरी तरह सतर्क रहा प्रशासन
आंदोलन को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। शाजापुर सहित आसपास के कई थानों से भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। अधिकारियों की मौजूदगी में प्रदर्शन शांतिपूर्ण ढंग से चलता रहा, हालांकि लंबे समय तक जाम की स्थिति बनी रही। कांग्रेस ने स्पष्ट किया है कि किसानों की समस्याओं का समाधान नहीं होने तक आंदोलन जारी रहेगा, वहीं भाजपा विधायक की सक्रियता ने इस पूरे घटनाक्रम को और ज्यादा चर्चा में ला दिया है।