
कालापीपल में आयोजित विशाल जनसभा में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कांग्रेस पर जमकर निशाना साधते हुए कहा कि "अंग्रेज चले गए, लेकिन कांग्रेस छोड़ गए।" अपने संबोधन के दौरान मुख्यमंत्री ने केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का उल्लेख करते हुए कांग्रेस पर विकास कार्यों में बाधा डालने का आरोप लगाया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्षों से अटकी हुई प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना (पीएमकेएसवाई) की पार्वती-कालीसिंध-चंबल लिंक परियोजना पर अब तेजी से काम शुरू हो गया है। उन्होंने बताया कि राजस्थान और मध्य प्रदेश के बीच यह परियोजना पिछले दो से तीन दशकों से विवाद का विषय बनी हुई थी, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और केंद्र सरकार के सहयोग से इसका रास्ता साफ हुआ है।
उन्होंने कहा कि 70 हजार करोड़ रुपये की लागत वाली इस महत्वाकांक्षी परियोजना का 90 प्रतिशत खर्च केंद्र सरकार वहन करेगी, जबकि दोनों राज्यों को केवल 10 प्रतिशत राशि देनी होगी। इस योजना से राजस्थान के 15 और मध्य प्रदेश के 13 जिलों को सीधा लाभ मिलेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि श्योपुर, मुरैना, ग्वालियर, गुना, शाजापुर, राजगढ़, उज्जैन, देवास, इंदौर, रतलाम, नीमच और मंदसौर सहित कई जिलों में सिंचाई और जल संकट की समस्या दूर होगी।
कांग्रेस पर हमला बोलते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले की सरकारें राज्यों को आपस में लड़ाने का काम करती थीं, जबकि भाजपा सरकार ने संवाद और विकास का रास्ता चुना। उन्होंने कहा कि "थोड़ा पानी राजस्थान को और बाकी का उपयोग मध्य प्रदेश करेगा" के फार्मूले पर सहमति बनाकर वर्षों पुरानी समस्या का समाधान किया गया है।
मुख्यमंत्री ने लाड़ली बहना योजना का जिक्र करते हुए कहा कि कांग्रेस लगातार इस योजना का विरोध करती रही। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के नेता कहते थे कि महिलाओं को यह राशि नहीं मिलनी चाहिए, लेकिन भाजपा सरकार अब तक लाड़ली बहनों के खातों में 60 हजार करोड़ रुपये से अधिक की राशि पहुंचा चुकी है।
उन्होंने कहा, राखी साल में एक बार आती है, लेकिन हमारी सरकार हर महीने बहनों की राखी मनाती है। मुख्यमंत्री ने दावा किया कि योजना का लाभ लेकर प्रदेश की हजारों महिलाएं आत्मनिर्भर बनी हैं। किसी ने भैंस खरीदकर दूध का व्यवसाय शुरू किया है तो किसी ने ब्यूटी पार्लर और अन्य छोटे कारोबार शुरू कर अपने परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत की है।
अपने संबोधन के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार का लक्ष्य केवल योजनाएं बनाना नहीं, बल्कि लोगों के जीवन में वास्तविक बदलाव लाना है। उन्होंने जनता से विकास के इस अभियान में साथ देने की अपील करते हुए कहा कि प्रदेश में सिंचाई, रोजगार और महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में लगातार नए कीर्तिमान स्थापित किए जा रहे हैं।