व्यापार में घाटा होने पर राजगढ़ के करोड़पति दंपती ने ढाई साल की मासूम को हाईवे पर फेंका, श्योपुर से गिरफ्तार
नेशनल हाईवे 552 पर लावारिस हालत में भटकती मिली मासूम को किसी और ने नहीं बल्कि, उसे गोद लेने वालों मरने के लिए छोड़ दिया था। ...और पढ़ें
Publish Date: Sat, 25 Apr 2026 02:54:37 PM (IST)Updated Date: Sat, 25 Apr 2026 02:54:37 PM (IST)
करोड़पति दंपती ने ढाई साल की मासूम को हाईवे पर फेंकाHighLights
- गोद ली बच्ची को मनहूस मानकर हाईवे पर छोड़ गए आरोपी
- करोड़पति दंपत्ति के खिलाफ पुलिस ने दर्ज किया मामला
- धार्मिक यात्रा के दौरान सुनसान जगह पर छोड़कर फरार हुए
नईदुनिया प्रतिनिधि, श्योपुर। पिछले शनिवार को श्योपुर जिले की सीमा में सोंईकलां कस्बे के पास नेशनल हाईवे 552 पर लावारिस हालत में भटकती मिली मासूम को किसी और ने नहीं बल्कि, उसे गोद लेने वाले करोड़पति माता-पिता ने हाईवे पर मरने के लिए छोड़ दिया था। मानपुर थाना पुलिस ने आरोपी दंपत्ति को गिरफ्तार करके पूछताछ के लिए रिमांड पर लिया है।
बालिका को हाईवे पर छोड़कर गए थे
पुलिस के द्वारा बताया गया है कि, जो लोग बालिका को हाईवे पर छोड़कर गए थे, वह राजगढ़ जिला निवासी आकाश मूंदड़ा और उसकी पत्नी कृतिका हैं, आरोपी दंपत्ति करोड़पति हैं और इनके 10 के आसपास पेट्रोल पंप भी हैं। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को यह बताया है कि, उन्होंने बालिका को गोद लिया था, कुछ दिनों से उनका कारोबार ठीक नहीं चल रहा था, इसे लेकर इस दंपत्ति के मन में यह खयाल आया कि, बालिका को गोद लेने के बाद से ही उनका काम-काज गड़बड़ हुआ है और उन्होंने बालिका को हाईवे पर छोड़ दिया।
राजगढ़ से खाटू श्याम और बालाजी की यात्रा करने निकले थे आरोपी
ढाई साल की मासूम को सुनसान हाईवे पर छोड़कर जाने वाले आरोपी दंपत्ति आकाश मूंदड़ा और उसकी पत्नी कृतिका बाबा खाटू श्याम और मेहंदीपुर बालाजी की धार्मिक यात्रा के लिए बालिका को अपने साथ कार में लेकर राजगढ़ से निकले थे, इसी दौरान श्योपुर शहर से निकलने के बाद उनके मन में बालिका को छोड़ने का गंदा खयाल आ गया और वह उसे सुनसान हाईवे पर छोड़कर चले गए, उनके मन में बालिका के प्रति दया तक नहीं आई कि, ढाई साल की मासूम जो ठीक से कुछ सोच-समझ तक नहीं सकती उसके साथ कोई भी अप्रिय घटना हो सकती थी।
जब पालना नहीं था तो गोद क्यों लिया
ढाई साल की मासूम बालिका को गोद लेने वाले करोड़पति दंपत्ति आकाश मूंदड़ा और उसकी पत्नी कृतिका को अगर बालिका को अपनी बेटी समझकर पालना ही नहीं था तो उसे गोद ही नहीं लेना था, आरोपी पुलिस को सफाई दे रहे हैं कि, पेट्रोल पंपों में घाटा होने से उनकी आर्थिक स्थिति बिगड़ गई, इसलिए उन्होंने यह कदम उठाया, वह धार्मिक यात्रा कर रहे थे, बच्चे भगवान का रूप माने जाते हैं, फिर भी उन्होंने निर्दयी होकर मासूम को हाईवे पर छोड़कर जाने का कदम उठाया, अब पुलिस कड़ी पूछताछ के बाद आरोपियों को जेल भेजने की तैयारी में है।
पुलिस का क्या कहना है
इस बारे में मानपुर थाना टीआई सतीश दुबे का कहना है कि, प्रारंभिक जांच में राजगढ़ निवासी दंपत्ति आकाश मूंदड़ा और उसकी पत्नी कृतिका को गिरफ्तार किया है, उनसे पूछताछ की जा रही है, वह यात्रा करने के लिए जा रहे थे, इस दौरान उन्होंने बालिका को हाईवे पर छोड़ दिया था, आगे की कार्रवाई की जा रही है।
सतीश दुबे
टीआई पुलिस थाना मानपुर, जिला श्योपुर
यह भी पढ़ें- सावधान भोपाल! आज इन 45 इलाकों में नहीं आएगी बिजली, समय पर निपटा लें घर के जरूरी काम