
डिजिटल डेस्क, श्योपुर। श्योपुर जिले के बमोरी गांव में रविवार सुबह करीब 5 बजे दो चीते एक घर की टपरी में घुस गए। उन्होंने वहां बंधे दो बछड़ों पर हमला कर उन्हें मार डाला। अचानक हुई इस घटना से गांव में अफरा-तफरी मच गई।
घटना के वक्त पशुपालक सोमला वीर सिंह अपनी पत्नी के साथ उसी टपरी में खटिया डालकर सो रहे थे। दोनों बछड़े उनके पास ही बंधे हुए थे। सोमला के मुताबिक, सुबह-सुबह चीतों ने बछड़ों पर हमला कर दिया। चीतों को बिल्कुल सामने देख पति-पत्नी घबरा गए और खटिया से उठकर दूर भागे, जिससे उनकी जान बच गई।
इस घटना के बाद बमोरी और आसपास के गांवों में दहशत का माहौल है। रिहायशी इलाकों के पास चीतों की आवाजाही से ग्रामीण बेहद डरे हुए हैं। किसान खेतों में जाने से भी कतरा रहे हैं। लोगों का कहना है कि चीते अक्सर गांव के करीब देखे जा रहे हैं, जिससे जान-माल का खतरा बढ़ गया है।
घटना के बाद ग्रामीणों में प्रशासन के प्रति आक्रोश है। उन्होंने वन विभाग से मांग की है कि गांव और आसपास के खेतों में गश्त तुरंत बढ़ाई जाए। चीतों की मूवमेंट पर 24 घंटे कड़ी निगरानी रखी जाए ताकि ऐसी घटना दोबारा न हो। साथ ही पीड़ित पशुपालक सोमला वीर सिंह को हुए नुकसान का उचित मुआवजा दिया जाए।