शिवपुरी में 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला का दुस्साहस: रात में खेत में घुसा सियार, लाठी से पीटकर जानवर को खदेड़ा, बचाई अपनी जान
शिवपुरी समाचार: इस घटना में बुजुर्ग महिला किसान गंभीर रूप से घायल हो गईं। जिनका उचार जिला अस्पताल में चल रहा है।
Publish Date: Fri, 14 Aug 2026 08:24:44 AM (IST)Updated Date: Fri, 14 Aug 2026 08:27:41 AM (IST)
अस्पताल में भर्ती बुजुर्ग महिला।HighLights
- जिले के मोहनपुरा परिच्छा गांव की घटना
- खेत की रखवाली के लिए झोपड़ी में रुकी थी किसान
- बुजुर्ग दुस्सा बाई किसान के सिर और हाथ में आई गंभीर चोट
नईदुनिया प्रतिनिधि, शिवपुरी। कहते हैं, हिम्मत उम्र की मोहताज नहीं होती, यह कहावत पोहरी क्षेत्र के मोहनपुरा परिच्छा गांव की 70 वर्षीय महिला किसान दुस्सा बाई ने सच कर दिखाई है। बुधवार-गुरुवार की रात खेत रखवाली के लिए झोपड़ी में सोते समय सियार ने उन पर जानलेवा हमला कर दिया। बुजुर्ग महिला किसान ने इस हमले से घबराने की बजाय लाठी उठा ली और अकेले ही जंगली जानवर सियार से भिड़ गई और उसे पीट-पीट कर भगा दिया।
हालांकि इस घटना में बुजुर्ग महिला किसान गंभीर रूप से घायल हो गईं, जिनका उचार जिला अस्पताल में चल रहा है।
खेत की रखवाली के दौरान अचानक हुआ जानलेवा हमला
जानकारी के अनुसार दुस्सा बाई फसल की रखवाली के लिए खेत में कुएं के पास बनी झोपड़ी में सो रही थीं। इसी दौरान एक सियार झोपड़ी में घुस आया और सो रहीं 70 वर्शीय दुस्सा बाई पर टूट पड़ा। अचानक हुए हमले से वह कुछ देर के लिए सहम गईं, लेकिन फिर हिम्मत जुटाकर पास रखी लाठी उठा ली। एक हाथ में लाठी और हौसले के दम पर उन्होंने सियार पर ताबड़तोड़ वार किए।
काफी देर तक चली इस जंग में सियार ने उनके दोनों हाथ और सिर को नोच डाला, लेकिन बुजुर्ग झुकी नहीं। आखिरकार दुस्सा बाई के हौसले के आगे जंगली जानवर सियार को भागना पड़ा। महिला की चीख सुनकर मौके पर पहुंचे स्वजन उन्हें लहूलुहान हालत में जिला अस्पताल लेकर आए, जहां उनका उपचार चल रहा है।
बुजुर्ग खतरे से बाहर
डाक्टरों के अनुसार बुजुर्ग महिला के दोनों हाथों और सिर में गंभीर जख्म हैं, लेकिन स्थिति खतरे से बाहर है। इधर घटना की सूचना पर वन विभाग में हड़कंप मच गया। रेंजर श्रुति राठौर ने बताया कि टीम को गांव भेजा गया है। क्षेत्र में सियार की मूवमेंट पर नजर रखी जा रही है और ग्रामीणों को रात में खेतों पर अकेले नहीं सोने और सावधानी बरतने की समझाइश दी गई है।