शिवपुरी में 7 साल के मासूम की पेट दर्द से मौत, पोते के वियोग में दादी ने भी तोड़ा दम; एक साथ उठीं दो अर्थियां
Shivpuri Tragedy News: दादी ही अंशुल की मां थी, दोस्त थी, और उसकी पूरी दुनिया थी।
Publish Date: Mon, 10 Aug 2026 01:10:35 PM (IST)Updated Date: Mon, 10 Aug 2026 01:11:19 PM (IST)
दादी-पोते का फाइल फोटो।HighLights
- अचानक बिगड़ी मासूम की तबीयत
- पोते की मौत का गहरा सदमा
- गांव में छाया मातम
नईदुनिया प्रतिनिधि, शिवपुरी। कोलारस के ग्राम धामनटूक निवासी एक मासूम बच्चे की पेट दर्द से अप्रत्याशित मौत हो गई। पोते की मौत का गम उसकी दादी बर्दाश्त नहीं कर सकी और उसने भी पोते की मौत के कुछ देर बाद ही दम तोड़ दिया। दिल को झकझोर देने वाली घटना ने पूरे गांव को रुला दिया। एक ही घर से एक साथ दादी और पोते की अर्थी उठी तो देखने वालों की आंखें नम हो गईं।
रात में अचानक हुआ तेज पेट में दर्द
अंशुल पुत्र परमाल धाकड़ उम्र सात साल जवाहर नवोदय विद्यालय की तैयारी के लिए कोलारस में वह अपनी दादी शांति बाई के साथ रहता था। दादी ही उसकी मां थी, दोस्त थी, और उसकी पूरी दुनिया थी। इसी क्रम में शुक्रवार की रात अचानक अंशुल के पेट में तेज दर्द उठा। तबीयत बिगड़ती देख दादी शांति बाई घबरा गईं। उन्होंने तुरंत अपने छोटे बेटे परमाल धाकड़ को फोन लगाया। सूचना मिलते ही परमाल अगली सुबह कोलारस पहुंचा और बेटे को लेकर शिवपुरी के प्राइवेट अस्पताल लेकर पहुंचा डॉक्टरों ने जांच के बाद अंशुल को मृत घोषित कर दिया।
बेबस पिता लौटकर कोलारस आया और गांव जाते समय, मां शांति बाई को गाड़ी में बिठाकर साथ ले लिया। जब रास्ते में शांति बाई को पता चला कि लाड़ला पोता अब इस दुनिया में नहीं है, तो उनका कलेजा फट गया। रो-रोकर उनका बुरा हाल हो गया और वहीं उनकी तबीयत बिगड़ गई।
पोते के वियोग में तड़प रही दादी शांति बाई ने भी अस्पताल में ही दम तोड़ दिया। पोते के बिना दादी एक पल भी जी न सकीं। बताया जा रहा है कि अंशुल, परमाल धाकड़ का इकलौता बेटा था। घर का इकलौता चिराग बुझते ही घर में अंधेरा छा गया।