नईदुनिया प्रतिनिधि, शिवपुरी। कोलारस थाना अंतर्गत फोरलेन बाइपास क्षेत्र में निवासरत एक युवती को भगाकर ले जाने के लिए पहुंचे युवक की युवती के स्वजन ने पीट-पीट कर निर्मम हत्या कर दी। पुलिस ने लड़की के पिता और दादा सहित तीन अज्ञात आरोपितों के खिलाफ हत्या का प्रकरण कायम किया है। हत्यारोपित फरार हैं।
कई वर्षों से था प्रेम प्रसंग
ग्राम नेगमा थाना रन्नौद निवासी ट्रक चालक अर्जुन पुत्र भगवान सिंह पाल का कोलारस कस्बे में बाइपास पर होटल रंग महल के पास रहने वाली वर्षा पुत्री दिनेश कुशवाह से पिछले कई वर्षों से प्रेम प्रसंग था। दोनों शादी करना चाहते थे, लेकिन परिवार वाले तैयार नहीं थे।
सगाई से पहले भागने की योजना
वर्षा के परिवार ने शादी के लिए अन्य लड़का तय कर दिया था और 30 मार्च को गोद भराई (सगाई) की रस्म होनी थी। ऐसे में वर्षा ने अर्जुन के साथ भागकर प्रेम विवाह की योजना बनाई।
रात में पहुंचे थे युवक
रविवार रात करीब एक बजे अर्जुन पाल अपने रिश्तेदार कप्तान उर्फ कल्ला पाल के साथ वर्षा को भगाने के लिए हाईवे किनारे पहुंचा और उसका इंतजार कर रहा था।
परिजनों ने पकड़कर की हत्या
वर्षा घर से निकलने लगी तो परिवार वालों को भनक लग गई। पूछताछ में उसने अर्जुन के बारे में बताया। इसके बाद पिता दिनेश कुशवाह, दादा लट्टू कुशवाह और अन्य स्वजन मौके पर पहुंचे और अर्जुन व उसके साथी की पिटाई कर दी। दोनों भागे, लेकिन रामपुर इलाके में अर्जुन को पकड़ लिया गया। उसे घर ले जाकर रस्सियों से बांधकर पीट-पीट कर हत्या कर दी गई।
नाले के पास फेंका शव
हत्या के बाद आरोपितों ने शव को घर से करीब 100 मीटर दूर नाले के किनारे फेंक दिया। सुबह अर्जुन के स्वजन की सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव बरामद किया।
पुलिस का क्या कहना है
गब्बर सिंह गुर्जर, टीआई कोलारस का कहना है कि अर्जुन अपनी प्रेमिका वर्षा को भगाने के लिए पहुंचा था, इसी दौरान उसके स्वजनों ने उसे पीट-पीट कर मौत के घाट उतार दिया। इसके बाद शव को नाले के किनारे फेंक दिया। हमने हत्यारोपित दो नामजद और दो से तीन अज्ञात आरोपितों पर मामला दर्ज कर लिया है। आरोपित घटना के बाद से फरार हैं, उन्हें जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।