शिवपुरी: ग्रामीणों की जेल से भड़के सरपंच तहसीलदार की गाड़ी के आगे लेटे; बिजली कटौती पर चक्काजाम से जुड़ा है पूरा मामला
शिकायत में उल्लेख किया गया है कि, जाम के कारण पिछोर हाईवे पर भारी और हल्के वाहनों की लंबी कतार लग गई।
Publish Date: Sat, 01 Aug 2026 02:19:32 PM (IST)Updated Date: Sat, 01 Aug 2026 02:20:51 PM (IST)
कार के आगे लेटा सरपंच। नईदुनियाHighLights
- 27 जुलाई के चक्काजाम में 60 ग्रामीणों पर दर्ज हुई थी एफआईआर
- तीन ग्रामीणों की गिरफ्तारी और जमानत खारिज होने पर बढ़ा विवाद
- एक घंटे चले हाईवोल्टेज ड्रामे के बाद मिली ग्रामीणों को जमानत
नईदुनिया प्रतिनिधि, शिवपुरी। अमोला थानांतर्गत ग्राम सिरसौद में शिवपुरी-पिछोर रोड पर अघोषित बिजली कटौती की मांग को लेकर 27 जुलाई को चक्काजाम करने पर सरपंच अतर सिंह लोधी सहित 60 लोगों पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है। वहीं शुक्रवार को इसी मामले में ग्रामीण राहुल सेन, हेमंत लोधी, व सुमित साहू को गिरफ्तार कर करैरा तहसील न्यायालय में पेश किया गया। जहां से तीनों को जेल भेजने का आदेश दे दिया।
और लेट गया सरपंच
इसी मामले में सरपंच जमानत के लिए निवेदन करने पर सुनवाई नहीं हुई तो सरपंच नाराज होकर तहसीलदार के वाहन के नीचे लेट गया। एक घंटे चले घटनाक्रम के बाद तीनों ग्रामीणों को जमानत दे दी गई।
बता दें कि बिजली विभाग द्वारा लगातार की जा रही अघोषित कटौती से परेशान होकर 27 जुलाई को शिवपुरी-पिछोर रोड पर काली माता मंदिर के पास ग्राम सिरसौद में चक्काजाम कर दिया था। इस मामले में लाइनमैन हरभजन पुत्र लालाराम जोशी उम्र 61 साल की शिकायत पर पुलिस ने ग्रामीण राहुल सेन, प्रमोद कुशवाह, केशव लोधी, हेमंत लोधी, अतर सिंह लोधी, हरिकिशन लोधी, राधे बाल्मीकी, कल्ला कोली, रिंकू परिहार, पुष्पेंद्र लोधी, महेंद्र झा, धर्मेंद्र लोधी, अन्नी परिहार और उनके साथ 50-60 अन्य लोगों के खिलाफ आपराधिक प्रकरण कायम कर लिया है।
जाम के कारण लग गई वाहनों की कतार
शिकायत में उल्लेख किया गया है कि, जाम के कारण पिछोर हाईवे पर भारी और हल्के वाहनों की लंबी कतार लग गई। जाम में एंबुलेंस, डायल 112 और अन्य इमरजेंसी वाहन भी फंस गए, जिससे आम जनता के जीवन को खतरा पैदा हो गया था।