
नईदुनिया प्रतिनिधि, शिवपुरी। जिले के अनुविभाग करैरा के अंतर्गत 10 सितंबर को एक बड़ी घटना सामने आई है। ग्राम अमोलपठा, थाना अमोला में स्थित कंपोजिट लायसेंसी शराब दुकान पर कुछ ग्रामीणों ने गैरकानूनी रूप से एकत्र होकर हंगामा कर दिया। भीड़ ने दुकान में तोड़फोड़, मारपीट और आगजनी की, साथ ही शासकीय कार्य में व्यवधान उत्पन्न किया।
घटना की जानकारी मिलते ही कलेक्टर अर्पित वर्मा ने मामले को गंभीरता से लिया। उनके निर्देश पर पुलिस और प्रशासन ने त्वरित और सख्त वैधानिक कार्रवाई की है। प्रशासन ने साफ हिदायत दी है कि इस तरह शासकीय कार्य में बाधा डालने वालों पर कड़ी दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
इस मामले में पुलिस ने 25 नामजद और 50-60 अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। सभी के खिलाफ संज्ञेय और गैर जमानती धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर अग्रिम विवेचना शुरू कर दी गई है।
पुलिस द्वारा दर्ज FIR में जिन लोगों को नामजद किया गया है, उनमें छोटेराजा गुर्जर, दुष्यंत परमार, कमल सिंह गुर्जर, दीवान सिंह बघेल, मख्खन नामदेव, राहुल जाटव, शंकर जाटव, अजय जाटव, राहुल खटीक, अज्जू उर्फ अजय बाल्मीक, राहुल बाल्मीक, मुस्कान बाल्मीक, रीना बाल्मीक, राजेश खटीक, धर्मेन्द्र खटीक, ललिता आदिवासी, वकील आदिवासी, दीपक वंशकार, भूरा नामदेव, मलखान जाटव, संजय वंशकार, दीपक मेहतर, कालिया मेहतर, जशरथ जाटव और अंशुल जाटव शामिल हैं। इसके अलावा 50 से 60 अन्य अज्ञात महिला-पुरुषों के खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस और प्रशासन की संयुक्त कार्रवाई में अभी तक 15 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। शेष फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है और तलाश जारी है। प्रशासन का कहना है कि किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।
इस तरह की घटना की पुनरावृत्ति न हो, इसके लिए जिला प्रशासन ने आम लोगों से अपील जारी की है। प्रशासन ने कहा है कि जिले में अवैध मदिरा के भंडारण, परिवहन और विक्रय के खिलाफ लगातार अभियान चलाकर कार्रवाई की जा रही है। इसलिए कोई भी नागरिक शासकीय कार्य में बाधा न पहुंचाए और शासकीय संपत्ति को क्षतिग्रस्त न करे।
प्रशासन ने चेतावनी दी है कि इस तरह की गतिविधियों से कानून-व्यवस्था की स्थिति बिगड़ती है और अप्रिय घटना घटित होने की आशंका रहती है, इसलिए लोग कानून को अपने हाथ में न लें।
जिला प्रशासन ने लोगों से सहयोग की अपील करते हुए हेल्पलाइन नंबर भी जारी किया है। यदि जिले में कहीं भी अवैध मदिरा के भंडारण और विक्रय की जानकारी मिलती है, तो कोई भी नागरिक पुलिस और प्रशासन को सूचना दे सकता है। इसके लिए हेल्पलाइन नंबर 7987956573 जारी किया गया है।
इसके अलावा नागरिक सीधे संबंधित थाना प्रभारी या अनुविभागीय दंडाधिकारी के पास भी शिकायत दर्ज करा सकते हैं। प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि सूचना देने वाले की पहचान गुप्त रखी जाएगी और त्वरित कार्रवाई की जाएगी।