मातम में बदली खुशियां: ओरछा में होली खेलने के बाद दोस्तों संग बेतवा नदी में नहाने गया सेना का जवान डूबा, आज ड्यूटी पर लौटना था
ओरछा में होली के दौरान एक दर्दनाक हादसे में झांसी के सेना के जवान निपेश पस्तोर की बेतवा नदी में डूबने से मौत हो गई। ...और पढ़ें
Publish Date: Thu, 05 Mar 2026 01:18:30 PM (IST)Updated Date: Thu, 05 Mar 2026 01:19:25 PM (IST)
बेतवा नदी में डूबने से सेना के जवान निपेश पस्तोर की मौतHighLights
- ओरछा में बेतवा नदी में डूबने से जवान की मौत
- तेज बहाव में संतुलन बिगड़ने से गहरे पानी में चले गए
- गुरुवार को यूनिट जालंधर में रिपोर्ट करना था
नईदुनिया प्रतिनिधि, ओरछा: बुंदेलखंड की अयोध्या कही जाने वाली पर्यटन नगरी ओरछा में होली के उत्सव के बीच एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को शोक में डुबो दिया। झांसी के रहने वाले और भारतीय सेना में तैनात जवान निपेश पस्तोर की बेतवा नदी में डूबने से मौत हो गई। जिस जवान को गुरुवार को अपनी छुट्टियां समाप्त कर वापस सरहद पर ड्यूटी के लिए लौटना था, उसका पार्थिव शरीर तिरंगे के सम्मान के साथ घर पहुंचा।
जानकारी के अनुसार, निपेश पस्तोर निवासी दाऊ नगर, हंसारी, झांसी अपने दोस्तों के साथ होली के मौके पर ओरछा घूमने आए थे।
नहाते समय तेज बहाव में बिगड़ा संतुलन
यह घटना बुधवार दोपहर की बताई जा रही है। होली खेलने के बाद निपेश और उनके मित्र बेतवा नदी के तट पर नहाने के लिए उतरे। उसी दौरान नदी का बहाव काफी तेज था। नहाते समय अचानक निपेश का संतुलन बिगड़ गया और वे गहरे पानी में चले गए।
मौके पर मौजूद उनके दोस्तों और आसपास के लोगों ने उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन नदी की तेज लहरों के कारण उन्हें संभलने का मौका नहीं मिल सका और वे पानी में लापता हो गए।
गुरुवार को यूनिट में लौटना था
पड़ोसी अनिल सिंह सेंगर के अनुसार निपेश पस्तोर वर्तमान में पंजाब के जालंधर में सेना की यूनिट में तैनात थे। वे कुछ दिनों की छुट्टी पर अपने घर आए थे और गुरुवार को ही उन्हें अपनी यूनिट में वापस रिपोर्ट करना था।
सैन्य परिवार से जुड़ा था पूरा परिवार
निपेश के पिता रुद्र नारायण पस्तोर भारतीय सेना से सूबेदार पद से सेवानिवृत्त हैं और वर्तमान में झांसी नगर निगम में सेवाएं दे रहे हैं। निपेश और नितेश जुड़वां भाई थे। भाई की अचानक मौत से नितेश गहरे सदमे में हैं। परिवार में उनकी एक बहन सेतन भी है।
पूरा परिवार सैन्य पृष्ठभूमि से जुड़ा हुआ है और समाज में सादगी व देशभक्ति के लिए जाना जाता है।
शव घर पहुंचते ही पसरा मातम
गुरुवार सुबह ओरछा में पोस्टमॉर्टम के बाद जैसे ही निपेश पस्तोर का पार्थिव शरीर उनके निवास दाऊ नगर पहुंचा, पूरे इलाके में शोक की लहर फैल गई। परिवार और आसपास के लोग इस दुखद घटना से स्तब्ध हैं।