चप्पल से कोबरा का फन दबाना पड़ा महंगा, रेस्क्यू के दौरान सर्प मित्र को सांप ने डसा, डॉक्टरों ने बचाई जान
एक घर से कोबरा सांप का रेस्क्यू करना एक सर्प मित्र को भारी पड़ गया। रेस्क्यू के दौरान कोबरा ने सर्प मित्र की उंगली में डस लिया। ...और पढ़ें
Publish Date: Sat, 14 Mar 2026 08:38:10 PM (IST)Updated Date: Sat, 14 Mar 2026 08:38:10 PM (IST)
रेस्क्यू के दौरान सर्प मित्र को सांप ने डसा। (Image Source: AI-Generated)HighLights
- चप्पल से कोबरा का फन दबाना पड़ा महंगा
- डिब्बे में बंद करते समय सांप ने उंगली में डसा
- रेस्क्यू के दौरान लापरवाही बनी हादसे की वजह
नईदुनिया प्रतिनिधि, टीकमगढ़। जिला मुख्यालय में शनिवार को एक घर से कोबरा सांप का रेस्क्यू करना एक सर्प मित्र को भारी पड़ गया। रेस्क्यू के दौरान कोबरा ने सर्प मित्र की उंगली में डस लिया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों की तत्परता और समय पर एंटी-वेनम इंजेक्शन लगने से उनकी हालत अब खतरे से बाहर बताई जा रही है।
रेस्क्यू के दौरान हुई दुर्घटना और वायरल वीडियो
जानकारी के अनुसार जतारा थाना क्षेत्र के हृदयनगर गांव में एक घर में जहरीला कोबरा निकलने से हड़कंप मच गया था। ग्रामीणों की सूचना पर सर्प मित्र विष्णु सिंह घोष मौके पर पहुंचे। उन्होंने सुरक्षित रूप से कोबरा को पकड़ लिया, लेकिन जब वे उसे जंगल में छोड़ने के लिए एक डिब्बे में बंद कर रहे थे, तभी कोबरा ने पलटकर उनकी उंगली पर हमला कर दिया। एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें विष्णु घोष रेस्क्यू के दौरान सांप के फन को दबाने के लिए चप्पल का उपयोग करते नजर आ रहे हैं। इसके बाद वे चप्पल पर लगा जहर भी कैमरे पर दिखाते हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि ऐसे असुरक्षित तरीकों और सुरक्षा उपकरणों की कमी के कारण अक्सर ऐसी दुर्घटनाएं होती हैं।
यह भी पढ़ें- भोपाल में हिस्ट्रीशीटर बदमाश के घर ताबड़तोड़ फायरिंग, बेटे पर किया जानलेवा हमला, अस्पताल तक पीछा कर चलाईं गोलियां
40 मिनट के भीतर मिला उपचार
जहर की घातकता को समझते हुए विष्णु घोष बिना देरी किए अपने साथियों के साथ जिला अस्पताल पहुंचे। सिविल सर्जन डॉ. अमित शुक्ला ने बताया कि मरीज को घटना के लगभग 40 मिनट के भीतर अस्पताल लाया गया था। डॉक्टरों ने तुरंत प्राथमिक उपचार शुरू कर एंटी-वेनम के डोज दिए, जिससे जहर का असर कम हो गया। वहीं सर्प मित्र विष्णु घोष कहते हैं कि सांप के काटने पर झाड़-फूंक के चक्कर में समय बर्बाद न करें। सीधा जिला अस्पताल आएं और एंटी-वेनम लगवाएं, यही जान बचाने का एकमात्र तरीका है।